सागरः महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
सागरः महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन


सागर, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में लगातार बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और शक्कर एवं खाद्य तेल जैसी रोजमर्रा की चीजों के आसमान छूते दामों के विरोध में शनिवार कों कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।

जिला शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शहर के मुख्य बाजारों में विरोध प्रदर्शन और 'बाजार भ्रमण' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों और बाजारों में घूम-घूमकर दुकानदारों, व्यापारियों और आम लोगों से सीधा संवाद किया और महंगाई के कारण आ रही व्यावहारिक परेशानियों को समझा।

प्रदर्शन की शुरुआत दोपहर जिला शहर कांग्रेस कार्यालय से हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर बाजारों में निकले। पूरे भ्रमण के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 'महंगी शक्कर-महंगा तेल, ये देखो भाजपा का खेल' और 'खा गई शक्कर, पी गई तेल, देख लो भाजपा का खेल' जैसे नारों से पूरा बाजार क्षेत्र गूंज उठा।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि महंगाई के कारण आम जनता का जीना दूभर हो गया है, लेकिन सरकार इस गंभीर मुद्दे पर संवेदनहीन बनी हुई है। पूर्व विधायक सुनील जैन ने शक्कर और अन्य खाद्य वस्तुओं के दामों में हुई बढ़ोतरी को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि इससे हर मध्यमवर्गीय परिवार का घरेलू बजट बिगड़ चुका है।

संगठन महामंत्री रामकुमार पचौरी ने पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सिलेंडर की कीमतों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार की गलत नीतियों की सबसे बड़ी मार गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रही है। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता अमित रामजी दुबे और मुकुल पुरोहित ने भी सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।

कार्यक्रम के समापन पर नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह यादव ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इस विरोध प्रदर्शन में युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस समेत पार्टी के सभी अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि जनहित के इस मुद्दे पर उनका आंदोलन रुकने वाला नहीं है और आने वाले दिनों में महंगाई के खिलाफ लड़ाई और तेज की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story