कांग्रेस का इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के खिलाफ विरोध, टीवी डिबेट और व्यक्तिगत बाइट से दूरी बनाने का फैसला

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस का इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के खिलाफ विरोध, टीवी डिबेट और व्यक्तिगत बाइट से दूरी बनाने का फैसला


तीन दिन का मौन सत्याग्रह करेगी कांग्रेस, संगठन प्रभारी ने जारी किए निर्देश

भोपाल, 01 जुलाई (हि.स.)। उज्जैन में कथित भूमि खरीद मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के खिलाफ तीन दिन का प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया है। पार्टी ने घोषणा की है कि इस अवधि में उसके अधिकृत प्रवक्ता और प्रतिनिधि टीवी चैनलों की बहसों में हिस्सा नहीं लेंगे और व्यक्तिगत आधिकारिक बयान भी नहीं देंगे। इस दौरान कांग्रेस 'मौन सत्याग्रह' करेगी।

प्रदेश कांग्रेस समिति के संगठन प्रभारी महासचिव डॉ. संजय कमले द्वारा बुधवार काे जारी पत्र में आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार से जुड़े कथित भूमि प्रकरण को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में अपेक्षित प्रमुखता नहीं दी जा रही है। कांग्रेस का कहना है कि इस मुद्दे पर न तो पर्याप्त कवरेज किया गया और न ही गंभीर बहस आयोजित की गई। पत्र में कहा गया है कि जनहित और जवाबदेही से जुड़े इस मामले पर सोशल मीडिया पर व्यापक चर्चा हो रही है, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक मीडिया इस विषय को पर्याप्त महत्व नहीं दे रहा है। इसी के विरोध में पार्टी ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी असहमति दर्ज कराने का निर्णय लिया है।

कांग्रेस के अनुसार, अगले तीन दिनों तक अधिकृत प्रेस कॉन्फ्रेंस को छोड़कर पार्टी का कोई भी अधिकृत नेता, प्रवक्ता या प्रतिनिधि किसी टीवी डिबेट में शामिल नहीं होगा। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को व्यक्तिगत आधिकारिक बाइट भी नहीं दी जाएगी। इस संबंध में निर्देश प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों, प्रवक्ताओं, जिला अध्यक्षों, विभिन्न मोर्चा संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों तथा जनप्रतिनिधियों को जारी कर दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story