सागरः नेहरूजी की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि
सागर, 27 मई (हि.स.)। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को सागर जिला शहर कांग्रेस कार्यालय में एक विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
ग्रामीण एवं शहर की विभिन्न ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेहरूजी की नीतियों, उनके ऐतिहासिक योगदान और दूरदर्शी सोच को याद करते हुए उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला शहर कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री रामकुमार पचौरी ने वर्तमान केंद्र सरकार पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नरेंद्र मोदी सरकार को यह सीखने की सख्त आवश्यकता है कि लोकतंत्र में विपक्ष का सम्मान कैसे किया जाता है। अगर उन्होंने श्रद्धेय जवाहरलाल नेहरू की जीवनी पढ़ी होती, तो उन्हें पता चलता कि नेहरू जी विपक्ष को कितना महत्व और सम्मान देते थे। पचौरी ने आगे कहा कि यदि आजादी के बाद पंडित नेहरू ने देश की बागडोर न संभाली होती, तो आज भारत की स्थिति कुछ और ही होती। उन्होंने भारत को सशक्त, मजबूत और ताकतवर बनाने में अहम भूमिका निभाई। यह उनकी शुरुआती नीतियों और मजबूत नींव का ही नतीजा है कि आज पूरी दुनिया भारत का लोहा मानती है। उन्होंने बच्चों, युवाओं और बड़ों सभी को आत्मनिर्भर बनाने की मजबूत शुरुआत की थी।
ब्लॉक कांग्रेस क्रमांक-1 के अध्यक्ष हेमराज रजक ने पंडित नेहरू के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्हें आधुनिक भारत के शिल्पकार और गुटनिरपेक्ष आंदोलन के प्रणेता के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। नेहरूजी ने देश में लोकतंत्र, उच्च शिक्षा और भारी उद्योगों की जो मजबूत नींव रखी थी, उसी का परिणाम है कि आज भारत वैश्विक पटल पर एक महाशक्ति बनकर उभरा है।
वहीं, ब्लॉक क्रमांक-2 के अध्यक्ष वीरेंद्र राजे ने कहा कि भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश को प्रगति, विज्ञान और शिक्षा के क्षेत्र में गौरवान्वित किया। उनके दूरदर्शी विचार और देश के प्रति समर्पित जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत रहेगा।
ब्लॉक क्रमांक-3 के अध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा ने नेहरू जी के स्वतंत्रता आंदोलन में दिए गए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि नेहरू जी बच्चों के बीच 'चाचा नेहरू' के नाम से बेहद लोकप्रिय थे, यही कारण है कि उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। एक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के रूप में उन्होंने देश की आजादी के आंदोलनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और देश को 'पूर्ण स्वराज' का नारा दिया।
इस पुण्यतिथि कार्यक्रम का सफल संचालन सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे ने किया एवं उपस्थित सभी जनों का आभार आनंद हैला ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर पंडित नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और विचार व्यक्त करने वालों में मुख्य रूप से वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमाकांत यादव, राकेश राय, दीनदयाल तिवारी, जन समस्या निवारण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष महेश अहिरवार, अलीम खान, सुनील पाहवा, गोपाल प्रजापति, भैयन पटेल, लल्ला यादव, ज्योति मलैया, रेखा अहिरवार, अंकुर यादव, परख शुक्ला, महेश यादव, दुलीचंद सकवार, मयंक ठक्कर, पार्षद रिचा सिंह, कुंजीलाल लडिया, बाबू मछंदर और संजय जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

