कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर साधा निशाना, जीतू पटवारी बोले- भाजपा का गो-प्रेम केवल भाषणों तक सीमित
भाेपाल, 12 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के स्लॉटर हाउस में गौ मांस मिलने के मामले से सियासत गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे लेकर एक बार फिर भाजपा पर करारा प्रहार किया है। उन्हाेंने कहा है कि भाजपा का गो-प्रेम केवल भाषणों तक सीमित है। भाजपा गाय को लेकर राजनीति करती है।
जीतू पटवारी ने साेमवार काे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर भाजपा पर जमकर हमला बाेला। जीतू पटवारी ने कहा कि गाय माता के नाम पर भारतीय जनता पार्टी और मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता के साथ सबसे बड़ा धोखा किया है। भोपाल नगर निगम भाजपा के अधीन है और उसी भोपाल में कई टनों में स्लॉटर हाउस में गाय के मांस के अवशेष मिले हैं। जब प्रदेश सरकार ने गौमांस पर टैक्स लगाया था, तब कांग्रेस ने आपत्ति दर्ज कराई थी। गाय को लेकर जितनी मॉब लिंचिंग की राजनीति हो सकती थी, वह भाजपा ने की है। इससे यह साफ हो गया है कि मुख्यमंत्री जी के दावे झूठे थे और भाजपा की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का फर्क है।
उन्हाेंने कहा कि इंदौर नगर निगम भाजपा के नियंत्रण में है, जहां एक ओर ज़हरीले पानी से अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं उसी नगर निगम के अंतर्गत आने वाली गौशालाओं में गायें मर रही हैं। यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि गंभीर अपराध है। पटवारी ने कहा कि इंदौर और भोपाल को स्मार्ट सिटी और स्वच्छ शहर का दर्जा मिला है, लेकिन हालात यह हैं कि दोनों शहरों को शुद्ध पेयजल तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। पहले जहरीली शराब से मौतें होती थीं, अब दूषित पानी से मौतें हो रही हैं।
हर ट्रैक्टर चलाने वाला किसान नहीं होता
इधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि, मुख्यमंत्री अपना काम ठीक से नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें आश्रम जाकर आत्मचिंतन करना चाहिए। इस तरह के बयान उनके व्यक्तित्व को गिराते हैं। पटवारी ने मुख्यमंत्री को फर्जी किसान पुत्र भी कहा है। उन्होंने कहा, कल मुख्यमंत्री ने 2026 किसान वर्ष के शुभारंभ के अवसर पर ट्रैक्टर चलाया और गाय के पास भी गए। लेकिन ट्रैक्टर चलाने वाला हर व्यक्ति किसान नहीं होता, वह ड्राइवर भी हो सकता है। अगर मुख्यमंत्री वास्तव में किसान-पुत्र होते, तो प्रधानमंत्री मोदी की पांच गारंटियां—गेहूं 2800 रुपये, धान 3100 रुपये और सोयाबीन 6000 रुपये—पूरी तरह लागू करते। अगर आप किसानों का दर्द समझते, तो खाद की कमी से किसानों की जान जाने की घटनाएं नहीं होतीं और किसानों को सड़कों पर उतरना नहीं पड़ता।
जीतू ने मांग की है कि भोपाल स्लॉटर हाउस में गौ-मांस पकड़े जाने की घटना की उच्चस्तरीय जाँच कराई जाए। इंदौर नगर निगम गौशाला में 15 गायों की मौत की न्यायिक जाँच की जाए। गौ-मांस पर 0% GST के निर्णय को तत्काल वापस लिया जाए। प्रदेश की सभी गौशालाओं और निर्वासित गोवंश पर श्वेत-पत्र जारी किया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

