भारत–अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी किसान सम्मेलन, 24 फरवरी से भोपाल से हाेगी शुरुआत
भाेपाल, 21 फ़रवरी (हि.स.)। प्रस्तावित भारत–अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस ने देशव्यापी किसान आंदोलन का ऐलान किया है। इसकी शुरुआत 24 फरवरी से भोपाल में किसान महापंचायत के साथ होगी।
यह जानकारी मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शनिवार काे आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दी। उन्होंने इस दौरान केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। इस दौरान पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक और संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे भी मौजूद रहे।
प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि 1965 और 1971 के दशक में अमेरिका द्वारा खाद्यान्न आपूर्ति रोके जाने से देश को गंभीर संकट का सामना करना पड़ा था। हरित क्रांति के बाद भारत ने आत्मनिर्भरता हासिल की, लेकिन अब प्रस्तावित ट्रेड डील से वही खतरे दोबारा पैदा हो सकते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि अमेरिका से सोयाबीन और कपास का आयात बढ़ा तो भारतीय किसानों और छोटे व्यापारियों पर सीधा असर पड़ेगा। “कपास में भारत आत्मनिर्भर है, फिर भी आयात किया गया तो किसानों की आय पर गहरा प्रहार होगा,”।
प्रदेश प्रभारी चौधरी ने सवाल उठाया कि क्या यह समझौता ‘एपस्टीन फाइल्स’ या ‘अडानी केस’ के दबाव में किया जा रहा है? उन्होंने इसे “भारत का अमेरिका के सामने सरेंडर” बताते हुए कहा कि लाखों छोटे उद्योग बंद होने की कगार पर पहुंच सकते हैं। उन्होंने घोषणा की कि 24 फरवरी से भोपाल से जन-जागरण अभियान की शुरुआत होगी, जो पूरे देश में चलेगा।
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि खेती भारत की रीढ़ है और आज़ादी के बाद कभी विदेशी ताकतों को कृषि क्षेत्र में हस्तक्षेप की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार कृषि क्षेत्र को विदेशी कंपनियों के हवाले करने की दिशा में बढ़ रही है। पटवारी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि इसका असर अब किसानों पर दिख रहा है। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि किसान पुत्र कहलाने वाले मंत्री को किसानों के साथ खड़ा होना चाहिए था। पटवारी ने स्पष्ट कहा, “मध्य प्रदेश का किसान चुप नहीं बैठेगा। यह आंदोलन की शुरुआत है।” आंदोलन की शुरुआत बुधनी में किसान चौपाल और विदिशा से किसान पदयात्रा के साथ होगी।
“देशहित के खिलाफ समझौता”: उमंग सिंघार
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि यह ट्रेड डील देशहित में नहीं है और इसके पीछे कई संदिग्ध पहलू हो सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका द्वारा पाकिस्तान को समर्थन देने के बावजूद केंद्र सरकार समझौते की राह पर है। सिंघार ने कहा कि कपास, दलहन और डेयरी उत्पादों में देश आत्मनिर्भर है, फिर आयात की आवश्यकता क्यों है? उन्होंने घोषणा की कि विधानसभा में भी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया जाएगा।
24 फरवरी को भोपाल में किसान महापंचायत
कांग्रेस ने 24 फरवरी को भोपाल में किसान महापंचायत आयोजित करने की घोषणा की है। इसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शामिल हाेंगे। पार्टी का कहना है कि इस महापंचायत में हजारों किसान जुटेंगे और कथित किसान-विरोधी ट्रेड डील के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह इस मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

