कांग्रेस विधायक महेश परमार ने आबकारी विभाग पर लगाए गंभीर आरोप, सीबीआई जांच की मांग उठाई

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस विधायक महेश परमार ने आबकारी विभाग पर लगाए गंभीर आरोप, सीबीआई जांच की मांग उठाई


भोपाल, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के तराना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक महेश परमार ने राज्य के आबकारी विभाग में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर केंद्रीय जांच की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने सीबीआई के निदेशक को विस्तृत शिकायत पत्र भेजकर मामले की जांच कराने का अनुरोध किया है।

विधायक परमार का आरोप है कि आबकारी विभाग के कुछ अधिकारियों और तत्कालीन आबकारी आयुक्त अभिजीत अग्रवाल ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए एक निजी कंपनी ‘सोम डिस्टिलरी’ को अनुचित लाभ पहुंचाया। उन्होंने दावा किया कि इंदौर के देपालपुर न्यायालय ने 23 दिसंबर 2023 को इस मामले में निर्णय सुनाया था, लेकिन विभाग स्तर पर नियमानुसार कार्रवाई में देरी हुई।

परमार ने यह भी कहा कि हाल ही में उच्च न्यायालय द्वारा संबंधित याचिका खारिज किए जाने के बाद मामले को लेकर कई सवाल उठे हैं, जिससे निष्पक्ष जांच की आवश्यकता और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

विधायक ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों तत्कालीन आबकारी आयुक्त अभिजीत अग्रवाल और सहायक आबकारी आयुक्त संजीव दुबे के खिलाफ तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई की जाए और पूरे मामले की CBI से जांच कराई जाए। उन्होंने यह भी सवाल उठाए कि न्यायालय के निर्णय पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई और क्या किसी प्रकार का दबाव इसमें प्रभावी रहा।

हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित अधिकारियों या विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

परमार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच से ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने इसे कानून के शासन और पारदर्शिता से जुड़ा मुद्दा बताते हुए निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story