मप्र: कांग्रेस विधायक दल की बैठक  19 जुलाई को, विधानसभा सत्र की रणनीति पर होगी चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
मप्र: कांग्रेस विधायक दल की बैठक  19 जुलाई को, विधानसभा सत्र की रणनीति पर होगी चर्चा


भोपाल, 16 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा के आगामी सत्र की तैयारियों को लेकर कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक 19 जुलाई 2026, रविवार को शाम 7:30 बजे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के निवास भोपाल में आयोजित होगी।

बैठक में आगामी विधानसभा सत्र के दौरान सदन में उठाए जाने वाले विभिन्न जनहित के मुद्दों एवं विपक्ष की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश से जुड़े समसामयिक विषयों पर कांग्रेस विधायक दल के सदस्यों के बीच विचार-विमर्श होगा।

पार्टी की ओर से दी गई जारी जानकारी के अनुसार, बैठक में कथित भूमि घोटाले से जुड़े आरोपों, किसान समस्याओं, सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता के लिए वार्षिक जॉब कैलेंडर जारी करने की मांग, युवाओं के रोजगार एवं भर्ती परीक्षा व्यवस्था में सुधार, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), आदिवासी एवं दलित अधिकार, महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति तथा भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। इन मुद्दों को विधानसभा सत्र के दौरान उठाने की रणनीति भी तैयार की जाएगी।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल प्रदेश से जुड़े जनहित के मुद्दों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों, युवाओं, महिलाओं, आदिवासी एवं दलित समुदाय सहित विभिन्न वर्गों से जुड़े विषयों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक दल आगामी विधानसभा सत्र में समन्वित रणनीति के साथ जनता से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाने और उन पर चर्चा कराने का प्रयास करेगा।

आगामी विधानसभा सत्र की रणनीति तय करने और जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए रविवार, 19 जुलाई 2026 को शाम 7:30 बजे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के निवास बी-12 (ए), 74 बंगला, भोपाल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित की गई है।

बैठक में आगामी विधानसभा सत्र के दौरान सदन में उठाए जाने वाले प्रमुख जनहित के विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी तथा सरकार को जनता से जुड़े मुद्दों पर घेरने की रणनीति तैयार की जाएगी।

बैठक में जिन प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी, उनमें मुख्यमंत्री एवं उनके परिवार से जुड़े भूमि घोटाले का मामला, किसान संकट, सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वार्षिक जॉब कैलेंडर जारी करने की मांग, युवाओं के रोजगार एवं भर्ती परीक्षाओं में व्यापक सिस्टम सुधार, UCC, आदिवासियों एवं दलितों के अधिकारों से जुड़े विषय, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार एवं प्रदेश में सामने आ रहे घोटाले, भ्रष्टाचार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, कांग्रेस विधायक दल जनता की आवाज को पूरी मजबूती के साथ विधानसभा में उठाएगा। प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिलाओं की सुरक्षा, केन-बेतवा सहित आदिवासियों और दलितों के अधिकारों पर लगातार गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकार जवाबदेही से बच नहीं सकती।

उन्होंने कहा कि विधानसभा का आगामी सत्र जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और सरकार से जवाब मांगने का सत्र होगा। कांग्रेस विधायक दल पूरी तैयारी और एकजुटता के साथ जनता की अपेक्षाओं को सदन में रखेगा तथा प्रदेश के हर वर्ग से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story