विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का प्रदर्शन, किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरा

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का प्रदर्शन, किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरा


विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का प्रदर्शन, किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरा


भोपाल, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को विधानसभा परिसर में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल ने किसानों की समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायकों ने खाद संकट, सरकारी खरीदी में अनियमितताओं तथा किसानों को उचित मुआवजा और एमएसपी के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा प्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना के मुखौटे पहनकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश का किसान गंभीर संकट से गुजर रहा है, लेकिन सरकार समाधान निकालने के बजाय केवल औपचारिकताओं में उलझी हुई है। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान और मोहन यादव दोनों फाइल-फाइल खेल रहे हैं। किसान को समय पर न खाद मिल रही है, न बीज मिल रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव जमीन खरीदने में व्यस्त हैं, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान केवल प्रधानमंत्री की प्रशंसा करने में लगे हुए हैं, जबकि प्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना किसानों की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का किसान खाद के लिए लंबी कतारों में खड़ा होने को मजबूर है, अपनी उपज का उचित मूल्य पाने और प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान का मुआवजा प्राप्त करने के लिए भटक रहा है, लेकिन सरकार सत्ता के अहंकार में किसानों की पीड़ा को अनदेखा कर रही है।

कांग्रेस विधायक दल ने स्पष्ट किया कि किसानों के अधिकार, सम्मान और न्याय की लड़ाई विधानसभा से लेकर सड़क तक पूरी मजबूती से जारी रहेगी। यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story