खड़गे के मंच शुद्धिकरण के विरोध में जबलपुर कांग्रेस का प्रदर्शन
जबलपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड के हल्द्वानी कार्यक्रम के बाद कथित मंच शुद्धिकरण की घटना के विरोध में शुक्रवार जबलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी टाउन हॉल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल पर पहुंचे और घटना के विरोध में रामधुन गाकर अपना आक्रोश जताया।
कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कहा कि हल्द्वानी में खड़गे की सभा के बाद कथित तौर पर मंच का पूजा-पाठ कर शुद्धिकरण किया जाना दलित समाज और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का अपमान है। प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि उत्तराखंड में मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ हुई घटना ने पूरे देश को शर्मसार किया है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी नेता के कार्यक्रम के बाद मंच का शुद्धिकरण किया जाना सामाजिक भेदभाव की मानसिकता को दर्शाता है।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष ने भाजपा महानगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर से भी उत्तराखंड की घटना पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन के अध्यक्ष होने के नाते उन्हें पूरे मामले पर आत्ममंथन करना चाहिए और इस तरह की घटनाओं पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष रामधुन गाकर सामाजिक समानता और सद्भाव का संदेश दिया। प्रदर्शन में ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष संजय यादव, दिनेश यादव, अतुल बाजपेयी, मनीष चंसोरिया, सरबजीत सिंह रील, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, अनुराग गढ़वाल, पार्षद सतेंद्र चौबे गुड्डा, अयोध्या तिवारी, संतोष दुबे पंडा, प्रवक्ता विवेक यादव, युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष सोनू कुकरेले, कलीम खान, महेश पसीने, मूकेश पटेल, अखलेश शर्मा, पुष्कल शर्मा, शुभम अग्रवाल, मनोज तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

