राजगढ़ः स्मार्ट मीटर, महंगाई और किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस का धरना, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
राजगढ़, 08 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में बसस्टेंड पर मंगलवार को कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं, बढ़ती महंगाई और स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिलों के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को मांग पत्र सौंपा गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में किसान परेशान हैं और आम उपभोक्ता महंगाई व बढ़े हुए बिजली बिलों से त्रस्त हैं। प्रदर्शन के दौरान स्मार्ट मीटर को लेकर आरोप लगाया गया कि कई उपभोक्ताओं के बिल दो से चार गुना तक बढ़ गए हैं। नेताओं ने मीटर बंद होने के बाद भी उसके चलते रहने के वीडियो और अन्य साक्ष्य सामने आने का दावा किया।
ज्ञापन में शहरी क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का दबाव बंद करने और अनाप-शनाप बिजली बिलों को दुरुस्त करने की मांग प्रमुख रही। इसके अलावा आवास पट्टे के लिए आवेदन करने वाले सभी पात्र हितग्राहियों को पट्टे देने, महंगाई पर नियंत्रण और बढ़े बस किराए को कम करने की मांग की गई। कांग्रेस ने बेरसिया-नरसिंहगढ़ के बीच क्षतिग्रस्त पार्वती पुल का मुद्दा भी उठाया।
नेताओं के अनुसार पुल करीब तीन साल से क्षतिग्रस्त होने से आवागमन प्रभावित है। मंजूरी मिलने के बावजूद निर्माण शुरू नहीं होने पर इसे जल्द शुरू कराने की मांग की गई। सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों की कमी दूर करने, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता और सोनोग्राफी मशीन शुरू कराने की मांग भी रखी गई। साथ ही नरसिंहगढ़ को पर्यटक स्थल घोषित कर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की मांग की गई, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकें। जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने कहा कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से बड़ा आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में किसान कांग्रेस, महिला मोर्चा, एनएसयूआई, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

