किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला, खरीदी व्यवस्था पर उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का सरकार पर हमला, खरीदी व्यवस्था पर उठाए सवाल


भाेपाल, 15 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और पर्व विधायक कुणाल चौधरी ने प्रदेश सरकार पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी और गेहूं खरीदी व्यवस्था में अव्यवस्था के आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के नाम पर “कृषि उत्सव” मना रही है, जबकि जमीनी स्तर पर किसान आर्थिक संकट और खरीदी संबंधी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। पत्रकार वार्ता में मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, प्रवक्ता राहुल राज, रितेश त्रिपाठी एवं सुभाष जी भी उपस्थित रहे।

कुणाल चौधरी ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2026 को “कृषि उत्सव” का वर्ष घोषित किया है, लेकिन किसानों को समर्थन मूल्य, खरीदी प्रक्रिया और भंडारण व्यवस्था में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में गेहूं उत्पादन अधिक होने के बावजूद खरीदी लक्ष्य अपेक्षाकृत कम रखा गया है, जिससे किसानों में चिंता की स्थिति बनी हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई खरीदी केंद्रों पर किसानों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। कट्टियों की कमी, वेयरहाउस की सीमित क्षमता और धीमी खरीदी प्रक्रिया के कारण किसानों को बार-बार केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते पर्याप्त व्यवस्थाएं की होतीं तो किसानों को इस तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता।

कुणाल चौधरी ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा समर्थन मूल्य और बोनस को लेकर किए गए वादों पर किसानों में असंतोष है। उन्होंने मांग की कि गेहूं खरीदी की अवधि बढ़ाई जाए, सभी पंजीकृत किसानों की उपज खरीदी जाए तथा भुगतान और भंडारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और जरूरत पड़ने पर सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story