‘कांग्रेस के दिमाग में सिर्फ ईद बसी, दीपावली की महत्ता भूल गई पार्टी’: रामेश्वर शर्मा
भोपाल, 09 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा दीपावली को ‘खुशियों की ईद’ बताने वाले बयान पर मध्य प्रदेश की राजनीति में प्रतिक्रिया सामने आई है। भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने खड़गे के बयान पर आपत्ति जताते हुए कांग्रेस पर भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दिमाग में सिर्फ ईद बसी हुई है, इसलिए पार्टी दीपावली जैसे महापर्व, मां लक्ष्मी की आराधना और भारतीय संस्कृति में इसके महत्व को भूल गई है।
रामेश्वर शर्मा ने साेमवार काे मीडिया काे बयान दते हुए राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उनके प्रभाव के चलते कांग्रेस लगातार कमजोर हुई है। अब पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की समझ पर भी इसका असर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि कांग्रेस अध्यक्ष जैसे वरिष्ठ नेता भी दीपावली के अवसर पर ईद से इसकी तुलना करने लगे हैं। भाजपा विधायक शर्मा ने कहा, खड़गे जी, आपके ईद कहने से हमारी दीपावली खराब नहीं होगी। हमारी दीपावली की आतिशबाजी और मिठाइयां समाज में मिठास ही घोलेंगी। उन्होंने रामायण की चौपाई ‘जाको प्रभु दारुण दुख देई, ताकि मति पहले हर लेई’ का उल्लेख करते हुए कांग्रेस के राजनीतिक भविष्य पर भी टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का भविष्य अब चार से छह साल का रह गया है और इसके बाद पार्टी समाप्त हो जाएगी।
सनातन संस्कृति की परंपराओं का किया उल्लेख
विधायक ने कहा कि भारत में दीपावली, रामनवमी, जन्माष्टमी, महावीर जयंती, बुद्ध पूर्णिमा और गुरु नानक जयंती जैसे पर्व मनाए जाते हैं। देश की सांस्कृतिक विविधता और परंपराएं इसकी पहचान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सनातन परंपराओं पर जितने भी कटाक्ष कर ले, लेकिन सनातन संस्कृति की मिठास और उसके पर्वों का उत्साह कम नहीं होगा।
बंगाल में मंदिरों के जीर्णोद्धार के फैसले का स्वागतपश्चिम बंगाल में मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए करीब एक हजार करोड़ रुपये निर्धारित किए जाने पर रामेश्वर शर्मा ने राज्य सरकार के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने इसके लिए सरकार को बधाई देते हुए कहा कि बंगाल की मूल संस्कृति और सभ्यता के अनुरूप मंदिरों का पुनरुद्धार जरूरी है। शर्मा ने आरोप लगाया कि पिछले 30 से 40 वर्षों के दौरान कांग्रेस, वामपंथी दलों और तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में कई हिंदू मंदिरों की जमीनों पर कब्जे हुए और मंदिरों को नुकसान पहुंचाया गया।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की धरती ने देश को ‘वंदे मातरम्’ दिया है। स्वामी विवेकानंद, रामकृष्ण परमहंस, रवींद्रनाथ टैगोर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसी महान विभूतियों का इस भूमि से संबंध रहा है। गंगा और मां काली की इस धरती पर मंदिरों के पुनरुद्धार की घोषणा देश के लिए प्रेरणादायी है। शर्मा ने कहा कि मंदिरों के शिखरों पर ध्वज लहराएंगे और मंदिरों में फिर से घंटियों की गूंज सुनाई देगी।
कारसेवकों पर गोलीबारी को सही ठहराने पर सपा सांसद को घेरावर्ष 1990 में अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलाए जाने की कार्रवाई को सही ठहराने संबंधी सपा सांसद सनातन पांडेय के बयान पर भी रामेश्वर शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस घटना को सही बताना उन रामभक्तों के बलिदान का अपमान है, जिन्होंने राम मंदिर निर्माण के संकल्प के लिए संघर्ष किया। विधायक शर्मा ने तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में हुई गोलीबारी का जिक्र करते हुए कहा कि सत्ता के बल पर आस्था को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन सनातन की आस्था कमजोर नहीं हुई।
उन्हाेंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से सवाल किया कि क्या वे अपने पिता के उस फैसले का समर्थन करते हैं, जिसके दौरान अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलाई गई थी? उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन और कारसेवकों के संघर्ष का इतिहास मिटाया नहीं जा सकता। आज अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण उसी लंबे संघर्ष और आस्था का परिणाम है। शर्मा ने कहा कि केवल अयोध्या जाकर दर्शन करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि कारसेवकों के बलिदान के प्रति सम्मान और संवेदना भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कारसेवकों का संकल्प गोलियों और जेलों के बावजूद कमजोर नहीं पड़ा। राम मंदिर निर्माण के बाद भी सनातन समाज की आस्था और संकल्प कायम है। शर्मा ने कहा कि सनातन न कभी झुका है, न रुका है और न कभी रुकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

