सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, शहर की समस्याओं पर सौंपा मांग पत्र

WhatsApp Channel Join Now
सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, शहर की समस्याओं पर सौंपा मांग पत्र


सागर, 22 मई (हि.स.)। सागर जिले में प्रशासनिक और विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश महासचिव एवं पूर्व जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी के नेतृत्व में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और पार्षदों के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने सागर जिले की कलेक्टर प्रतिभा पाल से शुक्रवार को सौजन्य मुलाकात की। सागर जिले के इतिहास में अब तक की तीसरी महिला कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण करने पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। इस औपचारिक भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिले की प्रशासनिक उपेक्षा, चरमराती कानून व्यवस्था और लंबे समय से अधर में लटके प्रमुख विकास कार्यों पर अत्यंत सूक्ष्मता से चर्चा की और उनके त्वरित निराकरण हेतु एक औपचारिक मांग पत्र (चार्जशीट) सौंपा।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर पूर्व नगर निगम अध्यक्ष त्रिलोकीनाथ कटारे, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. संदीप सबलोक, पार्षद ताहिर खान, पार्षद नीलोफर अंसारी, पार्षद रिचा सिंह गोंड तथा अल्पसंख्यक विभाग के चमन अंसारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।कलेक्टर को सौंपे गए पत्र में प्रतिनिधिमंडल ने संभागीय मुख्यालय सागर की प्रशासनिक अनदेखी और उपेक्षा का मुद्दा उठाते हुए तीन अत्यंत गंभीर और संवेदनशील बिंदुओं की ओर उनका ध्यानाकर्षण कराया।

पत्र में सबसे प्रमुखता से शहर की पेयजल समस्या को रेखांकित किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सागर में भविष्य में गहराने वाले जल संकट और पानी की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वर्ष 2019 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राजघाट बांध की ऊंचाई बढ़ाने हेतु आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर बजट भी जारी कर दिया था। लेकिन राजनीतिक द्वेष और प्रशासनिक ढुलमुल रवैए के चलते यह जनकल्याणकारी कार्य आज तक धरातल पर शुरू नहीं हो सका है। इसके कारण आने वाले समय में सागर की जनता को भीषण पेयजल संकट से जूझना पड़ सकता है।

इस दौरान पूर्व निगम अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ कटारे ने अपने निगम कार्यकाल के दौरान तथा राजघाट बांध की स्थापना के समय बांध को लेकर निर्धारित की गई भविष्य की योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। जिस पर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने पुरानी फाइल निकालकर आवश्यक कदम उठाने की बात कही।

प्रतिनिधिमंडल ने जिले के शहरी गली-मोहल्लों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की पगडंडियों तक पैर पसार चुके अवैध शराब के काले कारोबार पर गहरी चिंता व्यक्त की। कलेक्टर को अवगत कराया गया कि अवैध शराब के अत्यधिक प्रचलन के कारण जिले में आए दिन गंभीर मारपीट और हिंसक अपराध सामने आ रहे हैं। सबसे दुर्भाग्यपूर्ण पहलू यह है कि शराब माफिया अपने इस अवैध तंत्र को संचालित करने के लिए गरीब और मध्यम वर्ग के भोले-भाले युवाओं को चंद रुपयों का लालच देकर अपराध की अंधी दुनिया में धकेल रहे हैं। इसका सीधा और घातक असर आम घरेलू महिलाओं, पारिवारिक ताने-बाने और सभ्य समाज की सुरक्षा पर पड़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने जिले में महिलाओं, अनुसूचित जाति , पिछड़े वर्ग तथा आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर तबकों के खिलाफ लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर कड़ा आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि इन संवेदनशील वर्गों के साथ हो रहे लगातार अपराधों के कारण पूरे जिले में एक अघोषित असुरक्षा और भय का वातावरण व्याप्त हो गया है।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने नवागत कलेक्टर से बेहद आग्रह पूर्वक मांग की है कि सागर के नागरिकों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए इन सभी गंभीर समस्याओं के स्थाई निराकरण के लिए तत्काल जमीनी स्तर पर सख्त, निष्पक्ष और दंडात्मक कदम उठाने संबंधी ठोस कार्रवाई की जाए। नए नेतृत्व से जनता को उम्मीद है कि अटके हुए विकास कार्यों को गति मिलेगी और कानून व्यवस्था में सुधार होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story