पश्चिम बंगाल में भाजपा ने सरकारी मशीनरी झोंक कर चुनाव लड़ा : अजय सिंह राहुल

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम बंगाल में भाजपा ने सरकारी मशीनरी झोंक कर चुनाव लड़ा : अजय सिंह राहुल


जबलपुर, 07 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह राहुल ने भाजपा पर निशाना साधा। गुरुवार को नगर कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा ने जिस तरह पूरी सरकारी मशीनरी झोंककर चुनाव लड़ा, उससे पहले ही अंदाजा लगाया जा रहा था कि परिणाम क्या होंगे। उन्होंने कहा कि वही परिणाम सामने आया, जिसकी देश के लोगों ने उम्मीद की थी।

अपने जबलपुर दौरे को लेकर अजय सिंह राहुल ने कहा कि वे वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के लिए शहर कांग्रेस कमेटी कार्यालय पहुंचे हैं। यह सिर्फ एक सामान्य मुलाकात है और इसमें किसी तरह की राजनीतिक चर्चा की कोई गुंजाइश नहीं है।

बंगाल में चुनाव बाद हो रही हिंसा पर उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि वहां जो घटनाएं हो रही हैं, वे उचित नहीं हैं। भारत एक लोकतांत्रिक देश है और यहां लोकतंत्र की परंपरा कायम रहना हर भारतीय के लिए जरूरी है।

बंगाल चुनाव परिणामों का मध्यप्रदेश की राजनीति पर असर पड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी विधानसभा चुनाव में समय है। समय आने पर देखा जाएगा कि किसका कितना प्रभाव पड़ता है।

राहुल गांधी के रुख को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का जो भी स्टैंड होगा, वही कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता का भी स्टैंड होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story