जबलपुर: यूएस ट्रेड डील के विरोध में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, वॉटर कैनन का इस्तेमाल

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर: यूएस ट्रेड डील के विरोध में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, वॉटर कैनन का इस्तेमाल


जबलपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। प्रस्तावित यूएस ट्रेड डील के विरोध में सोमवार को यूथ कांग्रेस ने जबलपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट घेराव के लिए आगे बढ़े।

प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पहले से सतर्क रहा। कलेक्ट्रेट सहित प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई और सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। जैसे ही प्रदर्शनकारी आगे बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

रैली में मध्यप्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ट्रेड डील का विरोध जताया।

सभा को संबोधित करते हुए उदय भानु चिब ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित ट्रेड डील किसानों और मजदूरों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था और स्थानीय उद्योगों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार नहीं किया, तो यूथ कांग्रेस इस आंदोलन को देशव्यापी स्तर पर और तेज करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story