झाबुआ: जिला कांग्रेस एवं सहकारी क्षेत्र के वयोवृद्ध नेता एवं पत्रकार नारायण भट्ट बाबूजी नहीं रहे
झाबुआ, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय सांसद दिलीप सिंह भूरिया के सलाहकार एवं सहयोगी, अखिल भारतीय रामायण मेला आयोजन समिति के संयोजक, झाबुआ जिला से प्रकाशित पहली पत्रिका अरण्यपथ के संरक्षक जिले के अनुविभागीय मुख्यालय थान्दला में नगर पालिका, कृषि उपज मंडी, विपणन सहकारी संस्था के पूर्व अध्यक्ष, जिले के वरिष्ठ सहकारी नेता एवं पत्रकार तथा सनातन धर्म, संस्कृति के ध्वज वाहक वयोवृद्ध नारायण भट्ट (बाबूजी) का सोमवार को निधन हो गया। दिवंगत नेता बाबूजी का भौतिक शरीर आज सोमवार को नौगावां मुक्तिधाम पर पंचतत्व में विलीन कर दिया गया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पत्रकार एवं जिले में सामाजिक उत्थान के लिए पहचाने जाने वाले दिवंगत बाबूजी के सम्मान में विधायक थांदला, जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, पत्रकार एवं विभिन्न धार्मिक,सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि थांदला स्थित उनके निवास पर पहुंचे, और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प माला चढ़ाकर तथा देर शाम उनके अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें सादर श्रद्धांजली समर्पित की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

