समस्याओं के समाधान पर केंद्रित हो विज्ञान और नवाचार : लोक निर्माण मंत्री सिंह

WhatsApp Channel Join Now
समस्याओं के समाधान पर केंद्रित हो विज्ञान और नवाचार : लोक निर्माण मंत्री सिंह


- भोपाल विज्ञान मेले का समापन, मंत्री सिंह ने विद्यार्थियों के नवाचारी मॉडलों की सराहना की

भोपाल, 26 सितम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि विज्ञान का वास्तविक उद्देश्य समाज की समस्याओं का समाधान करना और मानव जीवन को बेहतर बनाना है। विद्यार्थियों को केवल पुरस्कार अथवा प्रमाण-पत्र के लिए नहीं, बल्कि वर्तमान चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान विकसित करने के उद्देश्य से नवाचार करना चाहिए। उनमें से ही भविष्य के डॉक्टर, वैज्ञानिक और राष्ट्र निर्माता तैयार होंगे।

मंत्री सिंह शनिवार को ज्ञान-विज्ञान भवन, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल में आयोजित ‘भोपाल विज्ञान मेला’ के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मंत्री सिंह ने विज्ञान भारती और बरकतउल्ला विश्वविद्यालय को विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि मेले में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल केवल प्रदर्शन अथवा पुरस्कार तक सीमित नहीं हैं। ये मॉडल वर्तमान समस्याओं के समाधान और भविष्य की आवश्यकताओं की पूर्ति की दिशा में उपयोगी सिद्ध हो सकते हैं। विज्ञान भारती द्वारा ऐसे नवाचारों को आगे बढ़ाने के लिए मंच उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है।

मंत्री सिंह ने कहा कि भारत की ज्ञान-परंपरा और विज्ञान सदियों से साथ-साथ आगे बढ़ते रहे हैं। शून्य की खोज से लेकर गणित, खगोल, मौसम और अन्य क्षेत्रों तक भारतीय मनीषियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। महाकवि कालिदास के ‘मेघदूत’ में मानसून की गति, प्रकृति और ऋतु परिवर्तन का अत्यंत सूक्ष्म वर्णन मिलता है, जो भारतीय चिंतन की व्यापकता और वैज्ञानिक दृष्टि को प्रकट करता है।

मंत्री सिंह ने लोक निर्माण विभाग में किए जा रहे नवाचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि निर्माण परियोजनाओं की समय-सीमा वैज्ञानिक आधार पर निर्धारित करने की आवश्यकता महसूस हुई। इस दिशा में विभागीय अभियंताओं और भास्कराचार्य संस्थान के सहयोग से परियोजनाओं की समय-सीमा के वैज्ञानिक निर्धारण के लिए देश का अपनी तरह का पहला मॉड्यूल तैयार किया गया है। यह जिज्ञासा, तकनीक और समस्या-समाधान आधारित सोच का परिणाम है।

मंत्री सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने भीतर जिज्ञासा को सदैव जीवित रखें, प्रश्न पूछें, प्रयोग करें और समाज की चुनौतियों के समाधान खोजें। कोई नवाचार जब समाज की समस्या का समाधान करता है, तभी वह देश और मानवता के लिए वास्तविक योगदान बनता है।

समारोह में मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. अनिल कोठारी, विज्ञान भारती मध्यभारत प्रांत के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र कुमार स्वामी, डॉ. पवन मिश्रा सहित विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षाविद् तथा विश्वविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story