चंबल नदी से रेत उत्खनन एवं परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध, एसएएफ बल तैनात

WhatsApp Channel Join Now
चंबल नदी से रेत उत्खनन एवं परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध, एसएएफ बल तैनात


चंबल नदी से रेत उत्खनन एवं परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध, एसएएफ बल तैनात


मुरैना, 16 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में अवैध खनिज उत्खनन पर सख्ती बरतते हुए प्रशासन ने चंबल नदी से रेत के उत्खनन एवं परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।

इस संबंध में टास्कफोर्स की बैठक में प्रभारी कलेक्टर कमलेश कुमार भार्गव द्वारा महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। निर्णय के तहत चंबल नदी के प्रमुख स्थानों-राजघाट, भानपुर, देवरी एवं सिकरोदा नहर तिराहापर एसएएफ (स्पेशल आर्म्स फोर्स) की तैनाती की गई है। इन स्थानों पर स्थापित कैंपों के माध्यम से अवैध उत्खनन एवं रेत के भंडारण, परिवहन की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।

प्रभारी कलेक्टर कमलेश कुमार भार्गव एवं पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने पुलिस, खनिज, वन विभाग एवं एसएएफ के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सभी कैंपों का जायजा लिया गया तथा बल की तैनाती एवं कार्यप्रणाली को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। मौके पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि नहीं पाई गई। प्रशासन द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी परिस्थिति में चंबल नदी से रेत का उत्खनन या परिवहन न होने दिया जाए।

एसएएफ बल द्वारा 24×7 सतत निगरानी रखी जाएगी तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित वाहनों को तत्काल जप्त कर एफआईआर एवं पीओआर दर्ज किए जाएंगे। साथ ही, जब्त वाहनों को राजसात कर शीघ्र नीलामी की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र डावर, खनिज अधिकारी सुखदेव कुमार निर्मल, रक्षित सब-निरीक्षक जोगेन्द्र सिंह परिहार, थाना प्रभारी सरायछोला के.के. सिंह, कमांडर एवं वन विभाग के रेंजर अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story