संभागायुक्त द्वारा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के दिये निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
संभागायुक्त द्वारा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के दिये निर्देश


संभागायुक्त द्वारा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के दिये निर्देश


जबलपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अन्तर्गत मुख्यमंत्री द्वारा शुक्रवार, 7 अगस्त को जिला छिंदवाड़ा के भ्रमण के दौरान जिला स्तरीय समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। समाधान कार्यक्रम से संबंधित समस्त कार्यवाही सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से संपादित की जायेगी।

संभागायुक्त धनंजय सिंह ने मंगलवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को लेकर संभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की। जिसमें उन्होंने कहा कि क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण एवं जन-संवाद के माध्यम से आम जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग और लोक सेवाओं का समय-सीमा में प्रदाय करने के उद्देश्य से 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026' संचालित किया जा रहा है।

यह अभियान 7 अगस्त 2026 से शुरू होकर 8 जनवरी 2027 तक चलेगा। इस अवधि में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान प्रत्येक सप्ताह के पंचम दिवस अर्थात शुक्रवार को संचालित होगा। भ्रमण के स्थान का चिन्हांकन जिला कलेक्टर द्वारा किया जाएगा। संभागायुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि प्रत्येक शुक्रवार को सभी अधिकारीगण पूर्व से चिन्हित क्षेत्रों का भ्रमण एवं निरीक्षण करेंगे। अभियान के अंतर्गत जिस क्षेत्र का भ्रमण प्रस्तावित है, उस क्षेत्र की सी.एम. हेल्पलाईन तथा जन-सुनवाई में लंबित शिकायतों एवं लोक सेवा गांरटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की विभागीय अधिकारी समीक्षा करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि शिकायतों आवेदनों का निराकरण भ्रमण से पूर्व ही हो जाए।

संभागायुक्त द्वारा आगामी शुक्रवार दिनांक 07 अगस्त को माननीय मुख्यमंत्री जी के जिला छिंदवाड़ा के प्रस्तावित भ्रमण के दौरान आयोजित जिला स्तरीय समाधान कार्यक्रम के दृष्टिगत संभागीय अधिकारियों की विभागवार सघन समीक्षा की गई। संयुक्त संचालक, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बैठक में अवगत कराया कि उनके द्वारा छिंदवाड़ा विकासखण्ड की समीक्षा कर लंबित सी.एम. हेल्पलाईन में 68 शिकायतकर्ताओं से चर्चा कर 20 शिकायतों को संतुष्टि पूर्वक निराकरण कराया गया साथ ही 06 जन-सुनवाई की शिकायतों को भी निराकृत किया गया।

संभागायुक्त सिंह ने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को किसी भी स्तर पर किसी प्रकार की समीक्षा बैठकों का आयोजन नहीं किया जाएगा। सभी विभागीय अधिकारी जन-विश्वास अभियान के क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन दिशा निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।

जन-विश्वास अभियान अंतर्गत सम्मिलित किये गए 20 प्रमुख विषयों पर सघन कार्यवाही और शासकीय संस्थाओं आदि का निरीक्षण किया जाएगा। इसमें नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा के मामले, किसानों की फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, और जल जीवन मिशन की समीक्षा शामिल है।

इसके अलावा आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल-कॉलेज, राशन दुकान, खाद-बीज की उपलब्धता, कानून व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का मैदानी स्तर पर पर्यवेक्षण किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story