जबलपुरः अवैध कॉलोनी को लेकर कॉलोनाइजर का अनोखा विरोध

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः अवैध कॉलोनी को लेकर कॉलोनाइजर का अनोखा विरोध


जबलपुर, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सोमवार को गोहलपुर थाना क्षेत्र के अमखेरा पानी टंकी के पास उस समय अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला, जब श्री परिसर कॉलोनी के रहवासी सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने अवैध कॉलोनी बसाने का आरोप लगाते हुए कथित भू-माफिया की प्रतीकात्मक अर्थी कंधों पर उठाकर अमखेरा मुख्य मार्ग पर जुलूस निकाला।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम के वार्ड क्रमांक 74 एपीजे अब्दुल कलाम वार्ड में यादव पेट्रोल पंप के सामने, किरण कुंज मैरिज गार्डन वाली गली के पास वर्ष 2015 में ‘श्री परिसर कॉलोनी फेस-1 एवं फेस-2’ के नाम से कॉलोनी विकसित की गई थी। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि यहां आज तक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी विकसित करने वालों ने बिना वैध कॉलोनाइजर लाइसेंस के कच्ची प्लॉटिंग कर जमीन बेची और खरीदारों को अंधेरे में रखा। रहवासियों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और कॉलोनी में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने अर्थी पर चप्पल बरसाकर अपना आक्रोश जताया और जमकर नारेबाजी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story