(अपडेट) मप्र के रायसेन में दो यात्री बसों की भीषण टक्कर, राष्ट्रीय कवि समेत 3 की मौत, 27 घायल

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) मप्र के रायसेन में दो यात्री बसों की भीषण टक्कर, राष्ट्रीय कवि समेत 3 की मौत, 27 घायल


सेहतगंज टोल प्लाजा के पास हुआ हादसा, 10 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

रायसेन, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में शुक्रवार सुबह भोपाल-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो यात्री बसों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में राष्ट्रीय स्तर के युवा कवि सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 यात्री घायल हो गए। हादसा इतना गंभीर था कि कई यात्रियों को सिर, चेहरे और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, खरबई थाना चौकी क्षेत्र के सेहतगंज टोल प्लाजा के पास सुबह करीब 11 बजे कल्पना ट्रैवल्स और शक्ति ट्रैवल्स की बसों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक बस अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई, जिससे दाेनाें बसें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हाे गई।घटना में तीन लाेगाें की माैत हाे गई। शुरुआती रिपोर्टों में पांच लोगों की मौत की सूचना सामने आई थी, लेकिन प्रशासन ने बाद में तीन मौतों की आधिकारिक पुष्टि की। मृतकों की पहचान नीतेश व्यास (28) पुत्र एसएन व्यास, निवासी पंडा टेकापार, सुल्तानगंज, माखन लोधी (29) पुत्र रामबाबू लोधी, निवासी पचीपुरा, बेगमगंज और दीपेश अहिरवार (19) निवासी सुल्तानगंज के रूप में हुई है। नीतेश व्यास राष्ट्रीय स्तर के युवा कवि थे और विभिन्न साहित्यिक मंचों पर अपनी प्रस्तुतियों के लिए पहचाने जाते थे। उनकी असमय मृत्यु से साहित्यिक जगत में भी शोक की लहर है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य के लिए 10 एम्बुलेंस तैनात की गईं। घायलों को जिला अस्पताल रायसेन, भोपाल के हमीदिया अस्पताल, नागपुर अस्पताल और लक्ष्मी स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

रायसेन पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि कल्पना ट्रैवल्स की बस क्रमांक एमपी 33 जेडसी 7770 और शक्ति ट्रैवल्स की बस क्रमांक एमपी 04 पीए 3820 के बीच टक्कर हुई। दोनों बसें भोपाल-सागर मार्ग पर नियमित रूप से संचालित होती हैं। दुर्घटना में सबसे अधिक प्रभावित वे यात्री हुए जो खिड़की के पास बैठे थे। हादसे के बाद कुछ समय के लिए राजमार्ग की एक लेन पर यातायात भी प्रभावित रहा। प्रत्यक्षदर्शी हेमराज लोधी के अनुसार, हादसे में शामिल शक्ति ट्रेवल्स और कल्पना ट्रेवल्स की बसें तेज रफ्तार से दौड़ रही थीं। मोड़ पर अधिक गति के कारण दोनों चालक बसों पर नियंत्रण नहीं रख सके और आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर का सबसे ज्यादा असर खिड़की के पास बैठे यात्रियों पर पड़ा, जिनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीड और मोड़ पर नियंत्रण खोना हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।

बस में सवार यात्री ममता रैकवार ने बताया कि बस भोपाल के आईएसबीटी से सिलवानी के लिए रवाना हुई थी और उसमें लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। सेहतगंज टोल के आगे अचानक जोरदार टक्कर हुई, जिससे यात्री सीटों से नीचे गिर पड़े। उन्होंने बताया कि चालक ने बस को संभालने की कोशिश की, लेकिन उसे भी चोटें आई हैं।

कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा और पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं, वहीं पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि केसली की ओर से आ रही बस और जयसिंहनगर दिशा से आ रही दूसरी बस के बीच सीधी भिड़ंत हुई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

घायलाें के नाम

शिवानी लोधी पत्नी रामकृष्ण, उम्र 26, निवासी चौनी पत्थर, रायसेन

पुलकित अग्रवाल पुत्र सुरेश अग्रवाल उम्र 32, निवासी भवानी माता वार्ड, खंडवा

प्रेम पुत्र रामकृष्ण उम्र 07 माह, निवासी चौनी पत्थर, रायसेन

नंदिनी पुत्री रामकृष्ण उम्र 03 वर्ष, निवासी चौनी पत्थर, रायसेन

महेंद्र लोधी पुत्र किशनलाल लोधी उम्र 32, निवासी टेहरी भुरपार, गैरतगंज

कुंजीलाल पुत्र लाल सिंह लोधी उम्र 70, निवासी टेहरी भुरपार, गैरतगंज

एसएस सोलंकी पुत्र एएस सोलंकी उम्र 32, इंडस पार्क फेस-2, अयोध्या नगर, भोपाल

जागेश्वर पुत्र मजबूत सिंह लोधी, निवासी गोपालपुर, बेगमगंज

केशव सिंह पुत्र माधो सिंह, निवासी बैरागढ़, भोपाल

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story