राजगढ़ः प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में वीर सावरकर जयंती मनाई,विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति की सीख

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में वीर सावरकर जयंती मनाई,विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति की सीख


राजगढ़, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को वीर स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर की जयंती गरिमामय वातावरण में मनाई गई।

कार्यक्रम का आयोजन जिला नेहरू युवा केंद्र तथा महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। विद्यार्थियों को सावरकर के जीवन पर आधारित प्रेरक फिल्म भी दिखाई गई,जिससे उन्हें उनके राष्ट्रप्रेम, त्याग और संघर्षमय जीवन से प्रेरणा मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य डॉ. मंगलेश सोलंकी, मुख्य अतिथि अविनाश दशहरिया तथा के.पी. पंवार द्वारा मां सरस्वती एवं वीर सावरकर के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक डॉ. शैलेंद्र कुमार मेवाड़े ने किया। इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें बाबू सिंह पंवार प्रथम, जतिन कुमार द्वितीय तथा आकांक्षा खरे तृतीय रहे। बुलबुल सेन, रंजीत वर्मा सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी सावरकर के व्यक्तित्व, राष्ट्रभक्ति और स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान पर अपने विचार रखे।

प्राचार्य डॉ. सोलंकी ने कहा कि सावरकर ने “अभिनव भारत” संगठन के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाई। मुख्य अतिथि अविनाश दशहरिया ने विद्यार्थियों को सावरकर के विचारों की वर्तमान प्रासंगिकता बताते हुए मोबाइल के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराध से बचाव की महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story