राजगढ़ः माह के पहले दिन कलेक्ट्रेट में गूंजा वंदे मातरम्, राष्ट्रगीत के साथ शुरू हुआ कामकाज

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः माह के पहले दिन कलेक्ट्रेट में गूंजा वंदे मातरम्, राष्ट्रगीत के साथ शुरू हुआ कामकाज


राजगढ़, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में माह के प्रथम दिवस पर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ शासकीय कार्यों का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट के सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों ने एक स्वर में राष्ट्रगीत गाकर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा और कर्तव्यबोध का परिचय दिया।

राष्ट्रगीत के गायन के बाद कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शासकीय सेवाओं का मूल उद्देश्य आमजन को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। साथ ही निर्देश दिए कि कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।

कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। माह के पहले दिन आयोजित होने वाली यह परंपरागत गतिविधि प्रशासनिक कार्यों की सकारात्मक शुरुआत के साथ राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सेवा भावना को मजबूत करने का संदेश देती है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story