राजगढ़ः प्रवीण सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों का कलेक्ट्रेट में सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः प्रवीण सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों का कलेक्ट्रेट में सम्मान


राजगढ़, 17 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की कक्षा 10वीं एवं 12वीं परीक्षा में प्रवीण सूची में स्थान प्राप्त करने वाले होनहार विद्यार्थियों का सम्मान कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया।

कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आगे भी लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।

कलेक्टर ने उन विद्यार्थियों का भी हौसला बढ़ाया, जो इस बार अपेक्षित अंक नहीं ला सके। उन्होंने कहा कि असफलता अंत नहीं होती, बल्कि और अधिक मेहनत कर पुनः प्रयास करने का अवसर देती है। शासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे संसाधनों और अवसरों का लाभ उठाकर बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा सफलता की मजबूत नींव है और युवाओं को अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने छात्रों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी करण सिंह भिलाला सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story