कलेक्टर-एसपी ने लिया मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों का जायजा

WhatsApp Channel Join Now


कलेक्टर-एसपी ने लिया मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों का जायजा


- एक लाख वर्ग फीट से अधिक क्षेत्र में होगा पंडाल

खरगोन, 15 मार्च (हि.स.)। मुखयमंत्री शिवराज सिंह चौहान का जिले के अनकवाड़ी में 17 मार्च को आगमन होगा। आगमन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार देर शाम कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा और एसपी धर्मवीर सिंह अनकवाड़ी कार्यक्रम स्थल पर पहुँचे। अभी कार्यक्रम स्थल पर पांडाल और तमाम व्यवस्थाएं प्रारम्भिक चरण में है। यहां एक लाख 30 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में डोम और पांडाल लगाया जाएगा। जबकि 40 बाय 60 वर्ग फीट में मंच बनाया जाएगा।

इस बार जनता और मुख्यमंत्री के बीच की दूरी को कम करते हुए जनता तक पहुँचने वाला गलियारा बनाया जाएगा। जिससे मुख्यमंत्री चौहान जनता तक पहुँच सकेंगे। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए अलग से एक मंच होगा। कलेक्टर वर्मा ने निर्देश दिए कि गर्मी का मौसम है। इसलिए पानी की समुचित व्यवस्था के साथ ही पानी पिलाने और देखरेख करने वाला अमला भी तैनात किया जाए। ताकि पानी खत्म होते ही व्यवस्था बनाई जा सके। इसके बाद दोनों ही अधिकारियों ने अपने अमले के साथ हेलीपेड का भी अवलोकन किया।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ज्योति शर्मा, एएसपी मनीष खत्री, एसडीएम ओएन सिंह, टीआई, तहसीलदार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इनके अलावा बिस्टान नगर उपाध्यक्ष मुकेश नायक, पार्टी अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राठौर, मंडल उपाध्यक्ष प्रवीण कुशवाह, भगवानपुरा जनपद सीईओ पवन शाह, नगर परिषद सीएमओ बद्रीलाल पूरदिया मौजूद रहे।

शुक्रवार दोपहर में अनकवाड़ी पहुचेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार दोपहर में खरगोन के अनकवाड़ी पहुचेंगे। वे यहां मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना और पेसा एक्ट अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 01.55 बजे अनकवाड़ी स्थित बनाएं गए हेलीपेड पर उतरेंगे। इसके बाद में यहां कुल 1 घंटा 40 मिनट कार्यक्रम में रहेंगे। वे दोपहर 03.35 बजे भोपाल के लिए हेलीपेड से रवाना होंगे।

कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा के निर्देशानुसार कार्यक्रम की निगरानी और तैयारियों के मद्देनजर एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिला स्तरीय कंट्रोल रूम ई-दक्ष केन्द्र में स्थापित कर नोडल व सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। कंट्रोल रूम के प्रभारी नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर केके मालवीय मोबाइल नंबर 94254-87612 होंगे। वहीं सहायक नोडल अधिकारी खरगोन बीईओ आरके सिंह 98937-05653 एवं जनजातीय कार्य विभाग के सहायक संचालक एबी गुप्ता 95755-07154 होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश / डा. मयंक

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story