सागरः कलेक्टर ने औचक निरीक्षण कर नरयावली स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं जांची

WhatsApp Channel Join Now
सागरः कलेक्टर ने औचक निरीक्षण कर नरयावली स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं जांची


सागरः कलेक्टर ने औचक निरीक्षण कर नरयावली स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं जांची


सागर, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मंगलवार को नरयावली विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल और जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी समेत प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केवल कागजी कार्रवाई नहीं देखी, बल्कि केंद्र में इलाज कराने आए मरीजों से सीधे संवाद किया। उन्होंने मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और कुछ मरीजों की जांच अपनी मौजूदगी में ही करवाई, ताकि जांच उपकरणों और स्टाफ की कार्यकुशलता को परखा जा सके।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र के स्टोर रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाइयों के स्टॉक और उनकी एक्सपायरी डेट की बारीकियों को समझा। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक हमेशा उपलब्ध रहना चाहिए। आने वाली नई दवाओं का रजिस्टर व्यवस्थित तरीके से संधारित किया जाए। डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारी निर्धारित समय पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।

अस्पताल परिसर की स्थिति देखकर कलेक्टर ने भवन की पुताई कराने और परिसर में बेहतर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद आशा कार्यकर्ताओं से चर्चा करते हुए उन्होंने गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण और स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि हाई रिस्क (उच्च जोखिम) वाली गर्भवती महिलाओं की समय-समय पर जांच की जाए और उनके लिए सभी आवश्यक चिकित्सीय प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।

इस महत्वपूर्ण दौरे में प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी विकास शाहवाल पुलिस अधीक्षक, विवेक केवी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, अमन मिश्रा एसडीएम, डॉ. विकेश फुसकेले विकासखंड चिकित्सा अधिकारी (BM0) शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story