कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर ने देखीं भोपाल शहर की यातायात व्यवस्थाएं, दिए आवश्यक निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर ने देखीं भोपाल शहर की यातायात व्यवस्थाएं, दिए आवश्यक निर्देश


भोपाल, 03 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा एवं पुलिस कमिश्नर संजय कुमार द्वारा संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों का सघन निरीक्षण किया गया। इस संयुक्त भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने पॉलिटेक्निक चौराहा, डिपो चौराहा, स्मार्ट सिटी मार्ग तथा बागसेवनिया चौराहे पर पहुंचकर धरातलीय स्थिति का जायजा लिया।

लेफ्ट टर्न को बाधारहित बनाने पर विशेष बल निरीक्षण के दौरान

कलेक्टर मिश्रा ने सड़क सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए विभिन्न चौराहों पर 'लेफ्ट टर्न' (बाएं मोड़) को पूरी तरह बाधारहित और व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चौराहों पर वाहनों के सुचारू आवागमन के लिए आवश्यक सुधार किए जाएं, जिससे व्यस्ततम समय के दौरान भी यातायात अवरुद्ध न हो। इसके साथ ही उन्होंने जेब्रा क्रॉसिंग, आवश्यक संकेतक (Signages) और यातायात नियमों के पालन हेतु उचित प्रबंध करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।

कलेक्टर मिश्रा एवं पुलिस कमिश्नर कुमार ने स्मार्ट सिटी क्षेत्र और डिपो चौराहे का भी सूक्ष्मता से अवलोकन किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लोक सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और यातायात पुलिस के आपसी समन्वय से इन चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर अविलंब सुधार कार्य प्रारंभ किए जाएंगे, जिससे नागरिकों को सुरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके। इस संयुक्त निरीक्षण के दौरान नगर निगम, स्मार्ट सिटी, राजस्व एवं यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story