राजगढ़ःकलेक्टर ने खेत पर देखी जैविक खेती की नवाचार पहल, किसानों को किया प्रोत्साहित
राजगढ़, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने शनिवार को जीरापुर विकासखंड के ग्राम घोगड़पुर पहुंचकर किसान श्रीलाल चौहान के खेत का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेत पर संचालित बीआरसी (जैविक संसाधन केंद्र) यूनिट तथा चूजा पालन गतिविधियों का अवलोकन किया।
कलेक्टर ने किसान द्वारा अपनाई गई आधुनिक तकनीकों एवं जैविक खेती के सफल मॉडल की सराहना की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि जैविक खेती वर्तमान समय की आवश्यकता है, क्योंकि यह पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पारंपरिक खेती के साथ जैविक खाद, जैविक कीटनाशी तथा नवीन तकनीकों का उपयोग कर उत्पादन की गुणवत्ता सुधारें, जिससे बाजार में बेहतर मूल्य प्राप्त किया जा सके। उन्होंने बीआरसी यूनिट को किसानों के लिए आत्मनिर्भरता का उत्कृष्ट माध्यम बताते हुए कहा कि ऐसी इकाइयों के माध्यम से जैविक खाद और दवाइयों का स्थानीय स्तर पर उत्पादन संभव है, जिससे लागत घटेगी और मृदा की उर्वरता भी बनी रहेगी।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने चूजे पालन को अतिरिक्त आय का महत्वपूर्ण स्रोत बताते हुए किसानों को कृषि के साथ पशुपालन एवं अन्य सहायक गतिविधियों को जोड़ने की सलाह दी। उन्होंने अधिकारियों और किसानों को निर्देश दिए कि जिले में ऐसे सफल मॉडलों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक किसान प्रेरित होकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

