राजगढ़ः भुगतान में देरी होने पर कलेक्टर ने दिए बीपीएम व बीई के वेतन से वसूली के निर्देश
राजगढ़,2 दिसम्बर (हि.स.)। संवाद से समाधान कार्यक्रम के तहत मंगलवार को कलेक्टर डाॅ.गिरीश कुमार मिश्रा ने प्रत्येक शिकायतकर्ताओं को स्वयं सुना साथ ही शिकायतों का समाधान किया। कार्यक्रम में शिकायतकर्ता बाबूराम वर्मा ने बताया कि 26 जून 2024 को रामकन्याबाई का नसबंदी ऑपरेशन हुआ, लेकिन उन्हें अभी तक नसबंदी मुआवजा राशि नही मिली है। इस पर कलेक्टर डाॅ. मिश्रा ने बीपीएम राजेश कुमार यादव और बीई नरसिंहगढ़ के वेतन से तीस हजार रुपए की राशि वसूल कर शिकायतकर्ता को दिए जाने के निर्देश दिए।
शिकायतकर्ता पप्पू तंवर ने बताया कि 12 अक्टूबर 2024 को अस्पताल में पत्नी सुनीता तंवर की डिलवरी हुई थी, लेकिन आज तक प्रसूता सहायता राशि 10 हजार 600 रुपए की राशि नही मिली है,जिस पर कलेक्टर ने बीपीएम रामबाबू दांगी और लेखापाल मनोज जाटव की लापरवाही पर सात दिवस में भुगतान कराने के निर्देश दिए साथ ही कहा कि भुगतान नही होने पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शिकायतकर्ता वाहिद खान ने बताया कि उसकी पत्नी सबा खान की प्रसूति जिला अस्पताल में हुई, जिसकी सहायता राशि नही मिली है, जांच में पता चला कि एएनएम द्वारा हितग्राही की समग्र आईडी गलत डाल दी गई है, उक्त आईडी को लंबे समय तक संशोधित नही करने पर एएनएम रानू चैरसिया की संविदा समाप्ति के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता अमिन खान ने बताया कि 12 दिसम्बर 2024 को उनकी पत्नी की प्रसूति सारंगपुर अस्पताल में हुई, जिसकी सहायता राशि नही मिली। जांच में पता चला कि जगदीश दांगी, बीपीएम सारंगपुर देवेन्द्र वर्मा ने लापरवाही की, जिस पर कलेक्टर ने दोनों का सात दिवस का वेतन काटने व एमडी एनएचएम को पत्र लिखकर जांच के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता खलील कुरैशी ने बताया कि बेटी शाहिस्ता कुरैशी पद नर्स को चार माह का जीवन निर्वाह भत्ता नही मिला है, जांच में पता चला कि लेखापाल दिनेश पारिक द्वारा लापरवाही की गई है, जिस पर कलेक्टर ने उनकी एक वेतनवृद्वि रोकने के निर्देश दिए साथ ही तीन दिवस में भुगतान करने के निर्देश दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

