जबलपुरः नए कलेक्टर विश्वकर्मा पहुंचे रानीताल पंचायत, चौपाल लगाकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः नए कलेक्टर विश्वकर्मा पहुंचे रानीताल पंचायत, चौपाल लगाकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं


जबलपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के नवागत कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत मझौली विकासखंड की रानीताल ग्राम पंचायत का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति की जानकारी भी ली।

कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गेहलोत और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों के साथ कलेक्टर कार्यालय से ट्रेवलर वाहन द्वारा मझौली के लिए रवाना हुए। रानीताल ग्राम पंचायत में उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को जाना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, शासकीय योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने पर जोर दिया।

ग्राम पंचायत के दौरे के बाद कलेक्टर संदीपनी उच्चतर विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों और स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में बातचीत की। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। दौरे के दौरान कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने श्री विष्णु वराह मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

इसके बाद जनपद सभागार में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय समस्याओं, क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762234 Articles

Share this story