जबलपुर के नए कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने संभाला पदभार, गौरीघाट में किए मां नर्मदा के दर्शन

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर के नए कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने संभाला पदभार, गौरीघाट में किए मां नर्मदा के दर्शन


जबलपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2014 बैच के वरिष्ठ अधिकारी अरुण कुमार विश्वकर्मा ने जबलपुर के नए कलेक्टर के रूप में गुरुवार को पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने से पहले वे गौरीघाट पहुंचे, जहां मां नर्मदा के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने जिलेवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और विधिवत अपनी नई जिम्मेदारी संभाली।

पदभार ग्रहण करने के बाद नवागत कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट में अपने अधीनस्थ अधिकारियों से मुलाकात की और जिले की प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। इस दौरान आगामी त्योहारों को देखते हुए आवश्यक तैयारियों और व्यवस्थाओं के संबंध में भी विस्तार से बातचीत की गई।

नए कलेक्टर के सामने जिले में जनसमस्याओं और शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित करने, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां रहेंगी।

अरुण कुमार विश्वकर्मा के पदभार संभालने के साथ ही जिले में प्रशासनिक गतिविधियों को गति देने और जनहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर नजरें रहेंगी। वहीं, आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और अन्य प्रशासनिक तैयारियों को लेकर भी प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761595 Articles

Share this story