मंडलाः कलेक्टर ने मलारा में किया धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण, किसान से करवाई खरीदी की शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now
मंडलाः कलेक्टर ने मलारा में किया धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण, किसान से करवाई खरीदी की शुरुआत


- केन्द्र पर आए किसानों का किया शाल-श्रीफल से स्वागत

मंडला, 01 दिसम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में धान खरीदी का कार्य सोमवार से शुरू हो गया है। धान खरीदी के प्रथम दिन कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, मलारा में पहुंचकर धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध संसाधनों, तौल व्यवस्था, बारदाना, रिकॉर्ड संधारण व किसानों को दी जा रही सुविधाओं का विस्तार से अवलोकन किया।

केंद्र पहुंचने पर कलेक्टर मिश्रा ने धान लेकर आए किसानों का शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया। किसानों ने भी पुष्पगुच्छ तथा पारंपरिक रीति से उनका अभिनंदन किया। इस सौहार्दपूर्ण स्वागत के दौरान पूरे माहौल में उत्साह देखा गया। कलेक्टर ने किसान मोहिनी उपाध्याय से तुलाई कार्य का औपचारिक शुभारंभ करवाया। उन्होंने किसान मदनलाल सिंगौर, अम्बिका वाजपेयी एवं मोहिनी उपाध्याय से बातचीत भी की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान की नमी और गुणवत्ता जांच निर्धारित मानकों के अनुसार की जाए, तौल में पूरी पारदर्शिता रहे और किसी किसान को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए तथा खरीदी अवधि तक रोजाना समीक्षा की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर कोई बाधा न आए। इस अवसर पर एसडीएम सोनल सिडाम, कृषि उप संचालक अश्विनी झारिया, डीएसओ संत भलावी, जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक एनके कोरी सहित संबंधित उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story