भोपाल कलेक्टर की मुश्किलें बढ़ीं, हाईकोर्ट ने फिर जारी किया जमानती वारंट
जबलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने भोपाल कलेक्टर की न्यायालय में अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। जस्टिस दीपक खोत की एकलपीठ ने शनिवार को कार्यालय कलेक्टर, भोपाल के वर्तमान पदधारी की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए 5 हजार रुपये का जमानती वारंट जारी करने का आदेश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को निर्धारित की गई है।
खास बात यह है कि इसी प्रकरण में पूर्व में तत्कालीन कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए 500 रुपए का जमानती वारंट जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद उनकी ओर से कोई न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ। पूर्व आदेश में कौशलेंद्र विक्रम सिंह का नाम दर्ज था, जबकि अब कोर्ट ने वर्तमान पदधारी के रूप में आईएएस प्रियंक मिश्रा की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मामला अलका वाईकर एवं अन्य की याचिका से संबंधित है। याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि सड़क निर्माण के लिए निर्धारित 80 वर्गफुट भूमि से अधिक अतिरिक्त जमीन का इस्तेमाल किया गया, लेकिन अधिग्रहित भूमि के उचित मुआवजे का भुगतान नहीं किया गया।
इस विवाद को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। मूल रिट याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने कलेक्टर को अधिग्रहित की गई संपूर्ण भूमि के मुआवजे के मुद्दे पर दोबारा विचार करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद न्यायालय में कलेक्टर की ओर से अनुपस्थिति को देखते हुए अब 5 हजार रुपए का जमानती वारंट जारी किया गया है। आगामी 16 दिसंबर को होने वाली सुनवाई में वर्तमान कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की उपस्थिति महत्वपूर्ण होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

