राजगढ़ः अध्ययन लाइब्रेरी बनी सफलता की सीढ़ी, कलेक्टर ने चयनित विद्यार्थियों को किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः अध्ययन लाइब्रेरी बनी सफलता की सीढ़ी, कलेक्टर ने चयनित विद्यार्थियों को किया सम्मानित


राजगढ़, 15 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला मुख्यालय पर कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में संचालित अध्ययन लाइब्रेरी जिले के युवाओं के लिए सफलता की नई राह साबित हो रही है। इस लाइब्रेरी में नियमित अध्ययन करने वाले कई छात्र-छात्राओं ने पुलिस भर्ती परीक्षा एवं प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।

इस उपलब्धि पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने बुधवार को चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि यह लाइब्रेरी केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम बन चुकी है। यहां उपलब्ध शांत वातावरण, आवश्यक अध्ययन सामग्री और मार्गदर्शन विद्यार्थियों को लक्ष्य की ओर केंद्रित रहने में मदद कर रहा है।

उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत और सही दिशा में प्रयास से सफलता निश्चित है। सम्मानित विद्यार्थियों में ईश्वर दांगी, सुनील दांगी, शिवजीत सिंह भदौरिया, गीता प्रजापति एवं कविता प्रजापति सहित अन्य प्रतिभागी शामिल रहे। कलेक्टर ने अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करते हुए कहा कि वे इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी, लाइब्रेरी स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story