कलेक्टर सख्त: शिक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय जबलपुर

WhatsApp Channel Join Now
कलेक्टर सख्त: शिक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय जबलपुर


जबलपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सरकारी स्कूलों में गिरते शैक्षणिक स्तर को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को कक्षा 5वीं और 8वीं के परीक्षा परिणामों की समीक्षा के बाद कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि बच्चों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा करते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और शिक्षकों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। समीक्षा में सामने आया कि खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों के कई स्कूलों का परीक्षा परिणाम निराशाजनक रहा है। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित जिम्मेदारों पर निलंबन और वेतन कटौती जैसे कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

चेरीताल संकुल के जनशिक्षक प्रदीप पटेल और अलका कोरी पर शैक्षणिक कार्यों में लापरवाही और मॉनिटरिंग में कमी पाए जाने पर कलेक्टर ने निलंबन के आदेश जारी किए हैं। प्रशासन का मानना है कि शिक्षकों की उदासीनता ही खराब परिणामों का प्रमुख कारण है।सिर्फ शिक्षकों ही नहीं, बल्कि ब्लॉक स्तर के अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है। बीआरसी नगर-1 के डीसी अहिरवार और नगर-2 के आशीष के वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है कि खराब प्रदर्शन वाले बीआरसी को हटाने का प्रस्ताव शीघ्र तैयार किया जाए।

समीक्षा में एक स्कूल का परिणाम मात्र 39 प्रतिशत पाया गया, जबकि कुंडम क्षेत्र के स्कूलों ने 70 से 80 प्रतिशत तक परिणाम देकर बेहतर प्रदर्शन किया। इस अंतर को देखते हुए कमजोर क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की रणनीति बनाई गई है।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन अब 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों की भी स्कूलवार समीक्षा करेगा। कलेक्टर ने स्कूलों में पेयजल, बिजली और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पाठ्यपुस्तक और साइकिल वितरण समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया है। प्रशासन का मानना है कि बेहतर सुविधाओं से विद्यार्थियों के प्रदर्शन में सकारात्मक सुधार आएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story