सकल श्वेताम्बर एवं दिगंबर समाज की सामूहिक प्रभात फेरी 30 को

WhatsApp Channel Join Now
सकल श्वेताम्बर एवं दिगंबर समाज की सामूहिक प्रभात फेरी 30 को


उज्जैन, 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सकल श्वेताम्बर एवं दिगंबर जैन समाज द्वारा इस वर्ष भी भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव अन्तर्गत 30 मार्च को सामुहिक प्रभात फेरी निकाली जाएगी।

श्वेतांबर जैन समाज के महोत्सव में विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम 29,30 और 31 मार्च को शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होंगे। वहीं दिगंबर जैन समाज 29 मार्च से 1 अप्रेल तक चार दिनी उत्सव मनाएगा।

श्वेतांबर जैन समाज के आयोजनमहावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति के शहर संयोजक डॉ.संजीव जैन ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव में अभ्युदय सागर, डॉ.मुक्तिसागर सूरीश्वर,नवरत्न सागर सूरीश्वर,विश्वरत्न सागर सूरीश्वर,अचल मुक्ति सागर सूरि,जिनेन्द्र मुनि एवं संत सती मंडल हेमेन्द्र श्री ,चारूधर्मा श्री,दिव्ययशा श्रीआदि ठाणा 6,रूण प्रभा एवं उज्जैन में विराजित श्रमण श्रमणी शामिल होंगे।

* 29 मार्च को दोपहर 2 बजे शांतिनाथ मंदिर छोटा सराफा में सृजन संस्था द्वारा आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता से होगी। शाम 7.30 बजे राजेन्द्र जैन सभागृह,क्षीरसागर में जैन सोशल ग्रुप सागर के संयोजन में हम जैन हैं...धार्मिक अंताक्षरी व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

* 30 मार्च को प्रात: 6 बजे ऋषभदेव मंदिर खाराकुआं से श्वेताम्बर एवं दिगंबर समाज की सामूहिक प्रभात फेरी निकलेगी। दोपहर 1.30 बजे राजेन्द्र सभागृह में महिला सम्मेलन और शाम 7.30 बजे इसी सभागृह में म्यूजिकल धार्मिक हाउजी होगी। मुख्य दिवस 31 मार्च को प्रात: 7.30 बजे श्री ऋषभदेव मंदिर से भगवान महावीर का वरघोड़ा शहर के प्रमुख मार्गों से निकलेगा। दोपहर 12.06 बजे से मनोरमा गार्डन, हीरा मिल रोड पर सकल श्वेताम्बर जैन समाज का स्वामी वात्सल्य होगा।

* महोत्सव का समापन 31 मार्च की शाम 7 बजे से झालरिया मठ नृसिंह घाट के पास प्रख्यात गायक विक्की पारीख की महावीर भक्ति भजन संध्या के साथ होगा।

महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। वहीं विशेष अतिथि विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा,पारसचंद जैन,मयूर शाह,अवंती पाश्र्वनाथ तीर्थ के अध्यक्ष अशोक कोठारी,राजेन्द्र सूरी जैन ज्ञान मंदिर के अध्यक्ष मदनलाल रूनवाल और अभ्युदयपुरम तीर्थ के अध्यक्ष बाबूलाल डोडिया रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story