मध्य प्रदेश में बढ़ने लगी ठंड, भोपाल-इंदौर पचमढ़ी से भी सर्द, 20 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में बढ़ने लगी ठंड, भोपाल-इंदौर पचमढ़ी से भी सर्द, 20 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे


- पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश में दिखने लगा, रात के तापमान में गिरावट

भोपाल, 13 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी के कारण प्रदेश में उत्तरी हवाएं ठंडक बढ़ा रही हैं। बीती गुरुवार रात राज्य के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सुबह के समय कई इलाकों में धुंध भी छाने लगी है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कटनी जिले का करौंदी 10.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। खास बात यह है कि प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में तापमान 12.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि इंदौर में 11.1 और भोपाल में 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यानी दोनों बड़े शहरों में पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंड महसूस की गई।

अगले पांच दिनों में और बढ़ेगी ठिठुरन

मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी का दौर जारी है। वहीं, 14 और 15 नवंबर को राजस्थान के बीकानेर संभाग में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मध्य प्रदेश में उत्तरी हवाओं का असर बढ़ सकता है। ऐसे में अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है।

फिलहाल बारिश का अलर्ट नहीं

शुक्रवार को प्रदेश में कहीं भी आंधी या बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में नया मौसम सिस्टम सक्रिय होने पर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

ग्वालियर-चंबल में बढ़ेगी ठंड

नवंबर के दूसरे पखवाड़े से ग्वालियर-चंबल संभाग में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। इस क्षेत्र में सीधी उत्तरी हवाएं चलने से न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट होने का अनुमान है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश के उत्तरी इलाकों में ठिठुरन और बढ़ सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776181 Articles

Share this story