जबलपुरः बादलों और बूंदाबांदी से बदला शहर का मौसम, दिन का पारा 4 डिग्री लुढ़का

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः बादलों और बूंदाबांदी से बदला शहर का मौसम, दिन का पारा 4 डिग्री लुढ़का


जबलपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अकवान के अप्रत्यक्ष प्रभाव से मध्य प्रदेश के जबलपुर में मौसम का मिजाज बदल गया है। वातावरण में बढ़ी नमी के चलते रविवार को आसमान में घने बादल छाए रहे। इस दौरान रुक-रुककर हुई हल्की बारिश और बूंदाबांदी ने मौसम में ठंडक घोल दी। दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को दिन में ही गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।

मौसम विज्ञान कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान 0.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही इस सीजन में कुल वर्षा का आंकड़ा 2.0 मिलीमीटर तक पहुंच गया है। सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक रुक-रुककर हुई फुहारों के कारण मौसम सुहावना बना रहा। रविवार को भी आसमान में बादलों का डेरा रहा।

अधिकतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट

बादलों और बूंदाबांदी का असर तापमान पर भी दिखाई दिया। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बादलों के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई। रविवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले एक से दो दिनों तक आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। इसके बाद 25 नवंबर से मौसम साफ होने का अनुमान है। बादल छंटने के साथ ही उत्तर भारत की ओर से आने वाली सर्द हवाओं का असर बढ़ेगा। इससे रात के तापमान में तेजी से गिरावट आने और शहर में ठंड का नया दौर शुरू होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781454 Articles

Share this story