मध्य प्रदेश में बढ़ी ठंड, गिरवर में 7.1 डिग्री पर पहुंचा पारा, भोपाल में दिन में भी चली शीतलहर

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में बढ़ी ठंड, गिरवर में 7.1 डिग्री पर पहुंचा पारा, भोपाल में दिन में भी चली शीतलहर


- सात जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी

भोपाल, 21 नवम्बर (हि.स.)। पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का असर अब मध्य प्रदेश में साफ दिखाई देने लगा है। प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री तक लुढ़क गया है। शाजापुर जिले का गिरवर 7.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि भोपाल में पारा 9 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी में दिन के समय भी शीतलहर का असर महसूस किया गया। इस बीच मंडला में शनिवार सुबह हल्की बारिश हुई, वहीं मौसम विभाग ने सात जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को विंध्य और शहडोल अंचल के कई जिलों में मौसम बदल सकता है। सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल और अनूपपुर में हल्की बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना है। वहीं, राजगढ़ और शाजापुर में शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया गया है। बीती शुक्रवार रात प्रदेश के ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। शाजापुर जिले के गिरवर में पारा 7.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। नहर और आसपास हरियाली होने के कारण इस इलाके में ठंड का असर अधिक महसूस किया जाता है। भोपाल 9 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। इसके अलावा बैतूल में 9.2, रायसेन और धार में 9.4 तथा दमोह में 9.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

प्रदेश के अधिकांश शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहा। शुक्रवार को भोपाल, शाजापुर और रायसेन में शीतलहर का असर देखने को मिला था। शनिवार को राजगढ़ और शाजापुर में भी शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। अन्य शहरों के तापमान पर नजर डालें तो नौगांव में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और खजुराहो में 10.2 डिग्री दर्ज किया गया। रीवा में 10.4, इंदौर में 10.6 तथा जबलपुर और उमरिया में 10.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इसके अलावा गुना, सागर, दतिया, ग्वालियर, श्योपुर, उज्जैन, सतना, खंडवा, रतलाम, सीधी, नरसिंहपुर, टीकमगढ़, पचमढ़ी, मंडला, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, सिवनी, खरगोन और मलाजखंड में भी न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से गुरुवार से ही प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। शहडोल संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई थी। शुक्रवार को भी मौसम का मिजाज बदला रहा। अब शनिवार और रविवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। चक्रवाती तूफान का असर अब कमजोर हो गया है। इसी वजह से मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, कुछ जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में भी तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780695 Articles

Share this story