मध्य प्रदेश में बढ़ी ठंड, 17 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे, अमरकंटक सबसे ठंडा
- अगले चार दिन में 1 से 2 डिग्री तक और गिर सकता है तापमान
भोपाल, 11 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश के 17 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। अमरकंटक और करौंदी में पारा 12 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया है। खास बात यह है कि भोपाल और जबलपुर में प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंड दर्ज की गई। अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट हो सकती है।
दूसरी ओर, दिवाली के बाद प्रदेश के कई शहरों में वायु प्रदूषण भी बढ़ता जा रहा है। भोपाल और उज्जैन में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया है। ऐसा पिछले पांच साल में तीसरी बार हुआ है। ग्वालियर, इंदौर, देवास, जबलपुर, मंडीदीप, सिंगरौली, पीथमपुर और कटनी समेत कई शहरों में भी वायु गुणवत्ता खराब हुई है। प्रदूषण के कारण रात 8 बजे के बाद ही शहरों में धुंध छाने लगती है, जबकि सुबह हल्का कोहरा दिखाई दे रहा है।
अमरकंटक में सबसे कम तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, अमरकंटक और करौंदी प्रदेश के सबसे ठंडे स्थान बने हुए हैं। बीती रात अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कटनी के करौंदी में पारा 11.3 डिग्री रहा। दमोह में 12 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 12.3 डिग्री, रायसेन में 12.6 डिग्री और बालाघाट के मलाजखंड में 12.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
भोपाल, जबलपुर और छिंदवाड़ा में पारा 13 डिग्री रहा, जबकि पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री दर्ज किया गया। उमरिया में 13.4 डिग्री, मंडला और नौगांव में 13.6 डिग्री, रीवा में 13.8 डिग्री, इंदौर में 14 डिग्री, खजुराहो में 14.4 डिग्री और सीधी में 14.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। प्रदेश के बाकी शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री या इससे अधिक दर्ज किया गया।
अगले चार दिन में और बढ़ेगी ठंड
आने वाले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की संभावना है। इससे प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड का असर और बढ़ सकता है। वहीं, मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के किसी भी जिले में आंधी या बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी था। अब मौसम साफ रहने के साथ रात के तापमान में गिरावट का असर दिखाई दे सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

