मध्य प्रदेश में सर्दी का असर तेज, भोपाल-राजगढ़-शाजापुर में शीतलहर का अलर्ट, दमोह में पारा 7.4 डिग्री तक लुढ़का

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में सर्दी का असर तेज, भोपाल-राजगढ़-शाजापुर में शीतलहर का अलर्ट, दमोह में पारा 7.4 डिग्री तक लुढ़का


मध्य प्रदेश में सर्दी का असर तेज, भोपाल-राजगढ़-शाजापुर में शीतलहर का अलर्ट, दमोह में पारा 7.4 डिग्री तक लुढ़का


- 30 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे

भोपाल, 26 नवम्बर (हि.स.)। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मध्य प्रदेश में भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश में सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है और दमोह में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। राजधानी भोपाल में भी पारा 8.2 डिग्री पर पहुंच गया है। गुरुवार को भोपाल, शाजापुर और राजगढ़ में शीतलहर चलने का अलर्ट है। प्रदेश के 30 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है।

बुधवार को भोपाल, शाजापुर और राजगढ़ में ठंडी हवाओं का असर रहा। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को भी इन जिलों में सर्द हवाएं चल सकती हैं। इससे दिन के तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

भोपाल में नवंबर की तीसरी सबसे ठंडी रात

राजधानी भोपाल में इस सीजन का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसे पिछले 10 वर्षों में नवंबर की तीसरी सबसे ठंडी रात बताया गया है। इससे पहले 17 नवंबर 2025 को तापमान 5.2 डिग्री और 29 नवंबर को 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, 2018 से 2023 के बीच नवंबर में न्यूनतम तापमान 10.2 से 13.8 डिग्री के बीच रहा।

तेज ठंड का असर स्कूलों के समय पर भी पड़ा है। सुबह की पाली में संचालित होने वाले स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। जो स्कूल पहले सुबह 7:30 बजे शुरू होते थे, अब वे 8 बजे से लगेंगे। छोटे बच्चों को ठंड से राहत देने के लिए अधिकांश निजी स्कूलों ने समय में बदलाव किया है।

जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर में भी बढ़ी ठिठुरन

प्रदेश के बड़े शहरों में भी रात का तापमान तेजी से नीचे आया है। बीती रात जबलपुर में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री, इंदौर में 10.6, उज्जैन में 11 और ग्वालियर में 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रीवा में पारा 9.2 डिग्री, रायसेन में 9.4, उमरिया में 10.3 और गुना में 10.8 डिग्री रहा। खजुराहो और छिंदवाड़ा में 11.2, श्योपुर में 11.4 तथा सीधी, बैतूल और सतना में न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा मलाजखंड, दतिया, मंडला, नौगांव, खंडवा, नरसिंहपुर, धार, टीकमगढ़, रतलाम, पचमढ़ी, खरगोन और नर्मदापुरम में भी पारा 15 डिग्री से नीचे रहा। सुबह के समय कई इलाकों में कोहरा और धुंध छाने से ठंड का असर और बढ़ गया है।

बारिश का सिस्टम हटने के बाद बदला मौसम

प्रदेश में पिछले तीन दिनों तक चक्रवात 'अकवान' और ट्रफ का असर रहा। इसके चलते पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के कई जिलों में बारिश हुई थी। बादल और बारिश के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अब मौसम प्रणाली का असर कम होने और बारिश थमने के बाद प्रदेश में ठंड बढ़ने लगी है। फिलहाल पश्चिमी हिस्से में एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट जारी है।

अगले दो दिन में दो डिग्री और गिरेगा पारा

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट का अनुमान जताया है। ऐसा होने पर प्रदेश के अधिकांश शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है। सुबह के समय धुंध का असर बना रहेगा, जबकि दिन में भी ठंडी हवाएं चलने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783292 Articles

Share this story