जबलपुर: बरसते पानी में सोनम वांगचुक के समर्थन में काक्रोच पार्टी के युवाओं का प्रदर्शन
जबलपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित मालवीय चौक पर सोमवार को युवाओं और छात्र संगठनों ने बरसते पानी में सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र और युवा हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर पहुंचे तथा नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान मध्य प्रदेश छात्र यूनियन के अध्यक्ष अभिषेक पांडे ने कहा कि देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के बाद भी अपनी मांगों को लेकर सोनम वांगचुक को लंबे समय तक भूख हड़ताल पर बैठना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता का अभाव है तथा इस मुद्दे पर सरकार जवाबदेही नहीं निभा रही है।
उन्होंने मांग की कि शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाया जाए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा दें। अभिषेक पांडे ने प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई, संसद घेराव के दौरान हुए लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल को लेकर भी सरकार की आलोचना की। उनका कहना था कि छात्रों पर इस प्रकार की कार्रवाई उचित नहीं है और सरकार को दमनात्मक कदम उठाने के बजाय युवाओं से संवाद स्थापित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियां भी आंदोलन को नहीं रोक सकतीं। उनके अनुसार छात्र और युवा अपने अधिकारों और मांगों को लेकर आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे। प्रदर्शन के दौरान छात्र सोनम वांगचुक के समर्थन में धरना-प्रदर्शन लिखे बैनर और एमपीएसयू के पोस्टर लेकर पहुंचे। मालवीय चौक पर एकत्रित प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों तथा शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें दोहराईं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

