फायर सेफ्टी में खामियां मिलने पर छह कोचिंग संस्थान सील, नगर निगम की बड़ी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
फायर सेफ्टी में खामियां मिलने पर छह कोचिंग संस्थान सील, नगर निगम की बड़ी कार्रवाई


भोपाल, 4 जुलाई (हि.स.)। भोपाल नगर निगम ने अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए शुक्रवार को छह शिक्षण संस्थानों को सील कर दिया। जांच के दौरान निर्धारित फायर सेफ्टी इंतजाम नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर फायर ब्रिगेड और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने लालघाटी और इंद्रपुरी क्षेत्र में संचालित कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पूर्व में जारी नोटिसों के अनुपालन की भी समीक्षा की।

जांच के दौरान लालघाटी स्थित एलन करियर इंस्टीट्यूट में आपातकालीन सीढ़ियों का अभाव, फायर हाइड्रेंट पैनल के ऑटो मोड में नहीं होने और उसे अलग जनरेटर से नहीं जोड़े जाने जैसी गंभीर खामियां पाई गईं। इसके बाद भवन खाली कराकर उसे सील कर दिया गया।

इसी तरह इंद्रपुरी स्थित गोयल टॉवर में संचालित अय्यूब खान कोचिंग, श्रेयांश कोचिंग, कीर्तिमान अकादमी, एब्सिल्यूट इंस्टीट्यूट और एनआईटीडीपी ट्रेनिंग ऑनलाइन इंस्टीट्यूट में भी फायर सेफ्टी मानकों का उल्लंघन पाया गया। निरीक्षण में भवन में आपातकालीन सीढ़ियां नहीं मिलीं, अग्निशमन यंत्रों की वैधता समाप्त पाई गई तथा पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था भी नहीं थी। नेशनल बिल्डिंग कोड-2016 के अनुरूप सुरक्षा प्रबंध नहीं मिलने पर इन सभी संस्थानों को खाली कराकर सील कर दिया गया।

नगर निगम के अनुसार, इन संस्थानों को 25 जून 2026 को अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां दूर करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद आवश्यक सुधार नहीं किए जाने पर यह कार्रवाई की गई।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर के अस्पतालों, नर्सिंग होम, कोचिंग संस्थानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story