सागर : नरयावली में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 63.41 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात

WhatsApp Channel Join Now
सागर : नरयावली में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 63.41 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात


सागर, 23 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सागर जिले के नरयावली पहुंचने पर पारंपरिक बुन्देलखण्ड संस्कृति की झलक देखने को मिली। ढोल-नगाड़ों, रमतूला की गूंज और दुलदुल घोड़ी नृत्य के साथ मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया।

गुरुवार को मुख्यमंत्री ने नरयावली में 27.41 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण किया। इस दाैरान विद्यार्थियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विद्यालय केवल भवन नहीं, बल्कि संस्कारों के केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूल अब निजी स्कूलों को पीछे छोड़ रहे हैं।

छात्रों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने अनुशासन और समय प्रबंधन का महत्व बताया तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। विद्यालय में शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण के लिए प्रबंधन को विशेष बधाई भी दी गई।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने वर्षों से लंबित परियोजना के लिए 240 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित राशि स्वीकृत करने की घोषणा की, जिससे 30 हजार एकड़ भूमि सिंचित होगी। उन्होंने कहा कि इस योजना से बुन्देलखण्ड का कोई खेत प्यासा नहीं रहेगा।

उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद सरकार किसानों का दाना-दाना खरीदेगी। किसानों को बेहतर समर्थन मूल्य दिलाने की दिशा में केंद्र सरकार से खरीदी कोटा बढ़ाने का अनुरोध किया गया है। साथ ही किसी भी परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि पर किसानों को बाजार गाइडलाइन का चार गुना मुआवजा दिया जाएगा।

महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सागर जिले की कमान आज महिलाओं के हाथों में है। उन्होंने प्रदेश की 17 महिला कलेक्टरों का उदाहरण देते हुए कहा कि महिलाओं के विकास से ही समग्र विकास संभव है।

मुख्यमंत्री ने कुल 63.41 करोड़ रुपये के 75 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 22 कार्यों का लोकार्पण (41.20 करोड़ रुपये) तथा 53 कार्यों का भूमिपूजन (22.21 करोड़ रुपये) शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि यंत्रों और स्व-सहायता समूहों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने हरे चने की नवीन किस्म RVG-205 और नैनो यूरिया जैसे नवाचारों की सराहना करते हुए किसानों से ‘हैप्पी सीडर’ जैसे यंत्रों के उपयोग से पराली प्रबंधन की अपील की।

इस अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद लता वानखेड़े, विधायक गोपाल भार्गव, विधायक भूपेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story