जबलपुरः मुख्यमंत्री ने हाईटेक तिलवारा थाना भवन सहित तीन परियोजनाओं का किया लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः मुख्यमंत्री ने हाईटेक तिलवारा थाना भवन सहित तीन परियोजनाओं का किया लोकार्पण


जबलपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को जबलपुर प्रवास के दौरान पुलिस अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ी सौगात दी। उन्होंने 2.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सर्वसुविधायुक्त हाईटेक तिलवारा थाना भवन, 22.57 करोड़ रुपये की लागत से घमापुर थाना परिसर में निर्मित 96 आरक्षक एवं प्रधान आरक्षकों के बहुमंजिला आवास गृह तथा 3.21 करोड़ रुपये की लागत से बने मध्यप्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम के संभागीय कार्यालय भवन का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महाराजपुर में नए थाना, पुलिस अधिकारियों के लिए जीओएस मेस तथा बाहर से आने वाले पुलिस कर्मियों के लिए बैरिक निर्माण की घोषणा भी की।

लोकार्पण समारोह में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीक, विधायक अशोक रोहाणी, अभिलाष पाण्डेय, नीरज सिंह एवं संतोष बरकड़े सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ए.के. सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (जबलपुर जोन) प्रमोद वर्मा, पुलिस उपमहानिरीक्षक अतुल सिंह, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह तथा पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने शिलापट्ट का अनावरण कर तिलवारा थाना भवन का लोकार्पण किया तथा फीता काटकर भवन का शुभारंभ किया। उन्होंने भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन किया। आधुनिक पुलिसिंग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किए गए भवन में थाना प्रभारी कक्ष, कार्यालय कक्ष, एचसीएम कक्ष, हवालात, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक बैरिक एवं प्रसाधन, कॉन्फ्रेंस हॉल, दिव्यांगजनों के लिए रैम्प तथा पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पुलिस अधोसंरचना का लगातार आधुनिकीकरण कर रही है। आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित थाना भवन पुलिस की कार्यकुशलता बढ़ाने के साथ-साथ आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि पुलिस कार्यों के डिजिटलीकरण और हाईटेक अधोसंरचना से अभिलेख प्रबंधन, निगरानी व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा अनुसंधान कार्यों में और अधिक दक्षता आएगी। इससे नागरिकों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक वातावरण में पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने तिलवारा थाना परिसर में पौधरोपण भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story