मेडिकल यूनिवर्सिटी को एम्स स्तर पर विकसित किया जाएगा, मुख्यमंत्री ने जबलपुर को दी विकास की सौगातें
जबलपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को जबलपुर को विकास की कई महत्वपूर्ण सौगातें देते हुए मेडिकल यूनिवर्सिटी को एम्स स्तर की सुविधाओं से विकसित करने, शहर में फर्नीचर क्लस्टर स्थापित करने तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जबलपुर को शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अग्रणी शहर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
नगर निगम द्वारा घंटाघर स्थित गीता भवन में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि-पूजन समारोह में मुख्यमंत्री ने 362.31 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अमृत 1.0 सीवेज परियोजना का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आधुनिक सीवेज प्रबंधन किसी भी शहर के समग्र विकास के लिए आवश्यक है और यह परियोजना जबलपुर की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल यूनिवर्सिटी को एम्स स्तर की सुविधाओं से विकसित किए जाने के बाद महाकौशल अंचल सहित आसपास के जिलों के मरीजों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी और गंभीर उपचार के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम होगी।
उन्होंने जबलपुर के पारंपरिक फर्नीचर उद्योग को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से फर्नीचर क्लस्टर स्थापित करने की घोषणा करते हुए कहा कि इससे स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही नई शिक्षा नीति के अंतर्गत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय स्थापित किए जाएंगे, जहां विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने सिविल लाइन क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडर्न लॉन्ड्री का शुभारंभ किया। इसके अलावा गुरंदी में लगभग 2.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पक्के मत्स्य बाजार का लोकार्पण भी किया। इस बाजार में 55 मछली कारोबारियों को व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनका व्यवसाय अधिक सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को डिजिटल कार्ड भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों और छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है तथा डिजिटल व्यवस्था से उन्हें पारदर्शी और सरल वित्तीय सेवाओं का लाभ मिलेगा।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डुमना नेचर पार्क पहुंचकर कैच द रेन अभियान के अंतर्गत वर्षा जल संरक्षण प्रणाली का शुभारंभ किया तथा जापान की मियावाकी पद्धति से पौधारोपण कर नगर निगम के 11 लाख पौधारोपण महाअभियान की शुरुआत की। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी शहर का विकास केवल सड़कों और भवनों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण और आधारभूत सुविधाओं का संतुलित विस्तार ही वास्तविक प्रगति का आधार है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई विकास परियोजनाओं और घोषणाओं के माध्यम से जबलपुर आने वाले वर्षों में प्रदेश के सबसे विकसित शहरों में अपनी सशक्त पहचान स्थापित करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

