जबलपुर : नागरिकों को शीघ्र मिलेगी पीएम ई बस सेवा की सौगात
जबलपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के नागरिकों को जल्द ही अत्याधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल जन परिवहन की एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। शहर में शीघ्र ही 'पीएम ई-बस सेवा' की शुरुआत होने जा रही है।
इसकी तैयारियों को लेकर मंत्री राकेश सिंह ने रविवार को कठौदा स्थित अत्याधुनिक ई-बस चार्जिंग स्टेशन एवं डिपो का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री सिंह ने बसों की व्यवस्थाओं, उनकी तकनीकी सुविधाओं और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का बारीकी से अवलोकन किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय सीमा के भीतर और सर्वोच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार तथा क्षेत्रीय पार्षद मोनिका पुष्पेंद्र सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
मंत्री सिंह ने बताया कि पीएम ई-बस सेवा शुरू होने से शहर के प्रमुख रूटों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और डीजल-पेट्रोल से होने वाले धुएं व प्रदूषण से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि पूरी तरह वातानुकूलित और आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से लैस ये बसें आम नागरिकों के दैनिक सफर को बेहद आसान और सुखद बनाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

