जबलपुर: मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की तैयारियों का निगमायुक्त ने लिया जायजा
जबलपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने शहर में आयोजित होने वाले 'मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान' की तैयारियों और व्यवस्था का निरीक्षण कर करने मंगलवार को दो संभागों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मध्य विधानसभा क्षेत्र में 14 अगस्त को आयोजित होने वाले शिविर की जानकारी दी और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को बिना किसी परेशानी के शासन कीजनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने बताया कि 14 अगस्त को विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान करना है। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहाँ पात्र हितग्राहियों के आवेदन जमा करने से लेकर उन्हें तत्काल लाभान्वित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
अभियान के तहत पारदर्शी और त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए शिविर में नागरिकों की समस्याओं और आवेदनों की सीधी सुनवाई की जाएगी। निगमायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्राप्त होने वाले अन्य आवेदनों का भी प्राथमिकता के आधार पर मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
संभागीय दौरे के दौरान निगमायुक्त ने अधिकारियों के साथ बैठक कर बैठक व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई और हेल्पडेस्क प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनविश्वास अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी नोडल अधिकारियों को शिविर स्थल पर आवश्यक संसाधन तैनात रखने के निर्देश दिए ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

