सी.एम. हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण में प्रदेश में नवमीं बार अव्वल आया नगर निगम जबलपुर

WhatsApp Channel Join Now
सी.एम. हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण में प्रदेश में नवमीं बार अव्वल आया नगर निगम जबलपुर


जबलपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। सी.एम. हेल्पलाइन के माध्यम से नगर निगम को प्राप्त अधिकांश शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर नगर निगम ने वेटेज स्कोर के आधार पर 98.86 प्रत प्राप्त कर प्रदेश में लगातार नवमीं बार अव्वल स्थान हासिल करने का कीर्तिमान स्थापित किया है।

नगर निगम द्वारा कुल 3 हजार 8 सौ 01 शिकायतों में से लगभग 59.16 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण शिकायतकर्ताओं से चर्चा कर किया गया। नगर निगम को इसके लिए सोमवार को मध्य प्रदेश शासन के द्वारा जारी ग्रेडिंग लिस्ट में प्रदेश में नवमीं बार प्रथम रैंक ए ग्रेड के रूप में प्राप्त हुआ है। इस प्रकार नगर निगम जबलपुर के द्वारा अधिकतम प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक एवं सकारात्मक निराकरण किया गया।

निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि शासन स्तर पर प्रतिमाह नगर निगम के कार्यो की ग्रेडिंग जारी की जाती है। जिसके अंतर्गत माह जून 2026 की ग्रेडिंग जारी हुई है, जिसमें जबलपुर को ए ग्रेड और प्रदेश के सभी नगर निगमों में लगातार नवमीं बार प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। यह निगम के लिए बड़ी उपलब्धि है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story