मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वतंत्रता सेनानी हेमू कालाणी और डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती पर किया नमन
भाेपाल, 23 मार्च (हि.स.)। महान स्वतंत्रता सेनानी, समाजवादी विचारों के आधार स्तंभ ओजस्वी वक्ता और 'सप्त क्रांति' के प्रणेता डॉ. राम मनोहर लोहिया और अमर शहीद एवं युवा क्रांतिकारी हेमू कालाणी की आज साेमवार काे जयंती पर है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डाॅ. माेहन यादव ने दाेनाें स्वतंत्रता सेनानियाें काे स्मरण करते हुए विनम्र नमन किया है।
मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने साेशल मीडिया एक्स पर पाेस्ट करते हुए डॉ. राम मनोहर लोहिया काे जयंती पर याद करते हुए कहा- स्वतंत्रता सेनानी एवं समाजवादी चिंतक, श्रद्धेय डॉ. राम मनोहर लोहिया जी की जयंती पर सादर नमन करता हूं। लोकतंत्र के प्रति उनकी आस्था, गरीब कल्याण का संकल्प और अद्भुत नेतृत्व क्षमता युवाओं के लिए देश की सेवा हेतु सदैव प्रेरणादायक है।
एक अन्य संदेश के माध्यम से उन्हाेंने युवा क्रांतिकारी हेमू कालाणी काे जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा- मां भारती के वीर सपूत, स्वतंत्रता सेनानी, हेमू कालाणी जी की जयंती पर सादर नमन करता हूं। अल्पायु के जीवनकाल में ही उन्होंने देश की स्वतंत्रता के विभिन्न आंदोलनों को ऊर्जा प्रदान की और जन-जन को जागृत किया। उनके ऋण से राष्ट्र उऋण न हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

